NSDL Shares: आईपीओ निवेशकों को महज चार कारोबारी दिनों में 78% से अधिक रिटर्न देने वाला एनएसडीएल का शेयर जून तिमाही के कारोबारी नतीजे आने के बाद धड़ाम से गिर गया। डिपॉजिटरी सर्विसेज मुहैया कराने वाली नेशनल सिक्योरिटी डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) ने एक कारोबारी दिन पहले 12 अगस्त को इक्विटी मार्केट का कारोबार समाप्त होने के बाद वित्तीय नतीजे जारी किए थे और आज मार्केट खुलते ही यह 1.47% की तेजी के साथ ₹1307.70 के भाव तक ऊपर पहुंचा था लेकिन फिर इस इंट्रा-डे हाई से यह 8.39% टूटकर ₹1198.00 के निचले स्तर तक आ गया। निचले स्तर पर खरीदारी से इसने संभलने की कोशिश तो की लेकिन अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह पिछले कारोबारी दिन के क्लोजिंग प्राइस ₹1288.80 से 6.42% की गिरावट के साथ ₹1206.00 के भाव पर बंद हुआ है।
