NTPC Green Share Price: एनटीपीसी के एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी की पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडरी एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी को बड़ी सफलता का जश्न आज इसके शेयरों ने भी मनाया। कंपनी ने शुक्रवार 22 अगस्त को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि इसे सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) की 6000 MWh की एश्योर्ड पीक वार टेंडर में 500 मेगावाट की कॉन्ट्रैक्टेड कैपेसिटी मिली है। इसने शेयरों में जोश भर दिया और यह ढाई फीसदी से अधिक चढ़ गया। फिलहाल बीएसई पर यह 1.19% की बढ़त के साथ ₹92.42 पर है। इंट्रा-डे में यह 2.70% उछलकर ₹93.80 तक पहुंच गया था।
किस नीलामी में मिली है सफलता
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक टेंडर के लिए ई-रिवर्स ऑक्शन शुक्रवार 21 अगस्त को हुआ। यह टेंडर इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम (ISTS) से जुड़े रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है। इसमें सेबी ने हाई डिमांड वाले टाइम में 4 घंटे के लिए 1500 मेगावाट के हिसाब से से 6 हजार मेगावाट बिजली की व्यवस्था करने का टेंडर निकाला यानी कि ऐसी कंपनियां चुनने के लिए टेंडर निकाला गया जो बिजली की हाई डिमांड वाले समय में चार घंटे तक हर घंटे के हिसाब से 1500 मेगावाट बिजली की सप्लाई कर सकें। इसमें से 500 मेगावाट की सप्लाई के लिए बोली एनटीपीसी ग्रीन की सब्सिडरी ने हासिल की है और इसके तहत यह सेकी को प्रति यूनिट ₹6 के हिसाब से बिजली सप्लाई करेगी।
कैसी है NTPC Green Energy की सेहत
एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के लिए इस वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत धमाकेदार रही। जून 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा शानदार रेवेन्यू के दम पर 38.3% बढ़कर ₹304.84 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 62.7% बढ़कर ₹1,106.86 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी के लिए जून तिमाही अच्छी रही। जून तिमाही में सालाना आधार पर कंरनी का ईबीआईटीडीए 63.8% बढ़कर ₹988.7 करोड़ और EBITDA मार्जिन 88.7% से 89.3% पर पहुंचा।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल
एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के शेयरों ने आईपीओ निवेशकों को कम समय में ही निवेशकों को तगड़ा रिटर्न दिया था लेकिन फिर बिकवाली का ऐसा दबाव पड़ा कि अभी तक यह आईपीओ प्राइस के नीचे बना हुआ है। इसके शेयर 27 नवंबर 2024 को मार्केट में लिस्ट हुए थे और ₹10 हजार करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को यह ₹108 के भाव पर जारी हुआ था। 3% से अधिक प्रीमियम पर लिस्टिंग के कुछ दिनों बाद एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के शेयर 4 दिसंबर 2024 को ₹155.30 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गए। इस हाई लेवल से 14 महीने में बीएसई पर यह 45.86% टूटकर 2 फरवरी 2026 को ₹84.08 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया जोकि आईपीओ प्राइस से 22.15% डिस्काउंट पर था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।