FY24 में NTPC का बिजली उत्पादन ऑल टाइम हाई पर; शेयर 2% चढ़ा

NTPC Share Price: कंपनी का मार्केट कैप 3.3 लाख करोड़ रुपये है। कंपनी ने 1 सितंबर, 2023 को 142.8 करोड़ यूनिट के साथ अपना अब तक का सर्वाधिक दैनिक बिजली उत्पादन दर्ज किया। BSE पर NTPC शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 360.35 रुपये और 52 सप्ताह का निचला स्तर 166.65 रुपये है। 10% सर्किट लिमिट के साथ अपर प्राइस बैंड 369.50 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 302.40 रुपये है

अपडेटेड Apr 01, 2024 पर 4:44 PM
पिछले 6 महीने में NTPC शेयर 39 प्रतिशत मजबूत हुआ है।

NTPC Share Price: सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी NTPC ने वित्त वर्ष 2023-24 में सालाना अधार पर 55 प्रतिशत अधिक कोयला आपूर्ति की। उसकी खदानों में उत्पादन में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। कंपनी के बयान के अनुसार, NTPC ने 3.415 करोड़ MT कोयला भेजा, जबकि 31 मार्च 2024 के अंत तक कोयला उत्पादन करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.438 करोड़ MT रहा। यह प्रदर्शन NTPC की अपनी कैप्टिव खदानों से कोयला उत्पादन बढ़ाने और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल आपूर्ति सुनिश्चित करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बयान में कहा गया कि कोयला उत्पादन में निरंतर वृद्धि हासिल करने के लिए, NTPC ने कई रणनीतियों और टेक्नोलोजिज को लागू किया है। इनमें कड़े सुरक्षा उपायों को अपनाना, बेहतर खान योजना, इक्विपमेंट ऑटोमेशन, वर्कफोर्स ट्रेनिंग, निरंतर निगरानी और एनालिसिस सिस्टम्स शामिल है।

पावर जनरेशन का आंकड़ा


NTPC का यह भी कहना है कि उसने वित्त वर्ष 2023-24 में 422 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन किया। यह अब तक का उच्चतम वार्षिक बिजली उत्पादन है और वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान कंपनी के कोयला प्लांट ने 77 प्रतिशत का लोड फैक्टर (क्षमता उपयोग) दर्ज किया। कंपनी ने 1 सितंबर, 2023 को 142.8 करोड़ यूनिट के साथ अपना अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन दर्ज किया।

NTPC शेयर की चाल

1 अप्रैल को सुबह बीएसई पर NTPC शेयर बढ़त के साथ 339 रुपये पर खुला। कुछ ही देर में यह पिछले बंद भाव से 2.5 प्रतिशत चढ़कर 344.40 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 342.25 रुपये पर सेटल हुआ। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 89 प्रतिशत तक बढ़ी है। वहीं 6 महीने में शेयर 39 प्रतिशत मजबूत हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 3.3 लाख करोड़ रुपये है।

PNB Housing Finance शेयर को लगे पंख, 14% तक चढ़ा; आगे और आएगी तेजी

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।