Ola Electric Rights Issue: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का ₹1,000 करोड़ का राइट्स इश्यू बुधवार को पूरा सब्सक्राइब हो गया। इश्यू बंद होने में अभी दो दिन बाकी हैं। कंपनी ने 37.03 करोड़ शेयर जारी किए हैं। वहीं, बुधवार को बाजार बंद होने तक 37.14 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी थीं।
भाविश अग्रवाल ने भी किया पूरा निवेश
ओला इलेक्ट्रिक के फाउंडर भाविश अग्रवाल ने राइट्स इश्यू में अपनी पूरी हिस्सेदारी के मुताबिक निवेश किया है। कंपनी में उनकी सीधे तौर पर 26.5% हिस्सेदारी है। वहीं, प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 32.9% है।
मोतीलाल ओसवाल की भी दिलचस्पी
ओला इलेक्ट्रिक की फाइलिंग के मुताबिक, प्रमोटर ग्रुपकी सदस्य ANI Technologies Private Limited ने Motilal Oswal Financial Services को 1,28,33,054 राइट्स एंटाइटलमेंट ट्रांसफर किए। मोतीलाल ओसवाल ने सभी एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया।
बिक्री और सर्विस सुधारने पर जोर
ओला इलेक्ट्रिक अब अपने कारोबार के तरीके में बदलाव कर रही है। कंपनी सीधे ग्राहकों को बेचने के बजाय डीलर्स के जरिए बिक्री बढ़ाने पर जोर दे रही है। इससे बिक्री को रफ्तार मिलने और सर्विस बेहतर होने की उम्मीद है। खराब सर्विस को लेकर कंपनी को पहले ग्राहकों की नाराजगी झेलनी पड़ी थी।
ओला इलेक्ट्रिक का शेयर बुधवार को 5.34% चढ़कर ₹36.66 पर बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्रों में इसमें करीब 23% की तेजी आई है। हालांकि, पिछले 1 साल में 28.79% टूटा है। कंपनी का मार्केट कैप 15.35 हजार करोड़ रुपये है।
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने वाली कंपनी है। इसका मुख्य कारोबार इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल की बिक्री से जुड़ा है। कंपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए बैटरी और दूसरी तकनीकों पर भी काम करती है। इसके अलावा, कंपनी अपनी गाड़ियों की बिक्री और सर्विस के नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।