Ola Electric Share Price: ओला इलेक्ट्रिक ने QIP से जुटाए ₹780 करोड़, कई बड़े निवेशकों ने लगाया पैसा

Ola Electric Share Price: ओला इलेक्ट्रिक ने QIP के जरिए 780 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी को Goldman Sachs समेत कई बड़े वैश्विक और घरेलू संस्थागत निवेशकों का समर्थन मिला है। यह फंड जुटाने की प्रक्रिया ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी घाटा कम करने और कारोबार मजबूत करने पर फोकस कर रही है।

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 10:39 PM
Ola Electric Mobility का शेयर गुरुवार को 1.25% की गिरावट के साथ 43.29 रुपये पर बंद हुआ।

Ola Electric Share Price: भाविश अग्रवाल की ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए करीब 780 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह रकम कंपनी की पहले घोषित 500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना से ज्यादा है।

कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIBs) को 35.86 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 21.76 करोड़ इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं।

किन निवेशकों ने हिस्सा लिया?


इस QIP में Goldman Sachs, BNP Climate Fund, Motilal Oswal Mutual Fund, Mirae Asset Mutual Fund, Kotak Mahindra Mutual Fund, JM Financial Mutual Fund और Baroda BNP Paribas Mutual Fund समेत कई बड़े निवेशकों ने निवेश किया।

इश्यू का भाव 35.86 रुपये प्रति शेयर रखा गया, जो SEBI के तय फ्लोर प्राइस 37.74 रुपये प्रति शेयर से 1.88 रुपये या 4.98% कम है।

QIP क्या होता है?

QIP एक ऐसा तरीका है, जिसके जरिए शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियां म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियों, पेंशन फंड और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों जैसे बड़े संस्थागत निवेशकों को शेयर बेचकर पूंजी जुटाती हैं। इसमें आईपीओ जैसी लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ता।

1 जून को खुला था इश्यू

ओला इलेक्ट्रिक ने 1 जून को QIP लॉन्च करने का ऐलान किया था। कंपनी की फंडरेजिंग कमेटी ने उसी दिन 37.74 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस मंजूर किया था।

कंपनी के मुताबिक, इश्यू 1 जून 2026 को खुला था। इसके लिए अक्टूबर 2025 में बोर्ड और नवंबर 2025 में शेयरधारकों से मंजूरी ली गई थी। फंडरेजिंग कमेटी ने पात्र संस्थागत निवेशकों के लिए शुरुआती प्लेसमेंट दस्तावेज और आवेदन फॉर्म को भी मंजूरी दी थी।

घाटा कम करने पर फोकस

यह फंड जुटाने की प्रक्रिया ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सुस्त बिक्री के बीच घाटा कम करने और कारोबार को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।

मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट लॉस घटकर 500 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 870 करोड़ रुपये था। यानी घाटे में सालाना आधार पर 42.5% की कमी आई। हालांकि दिसंबर तिमाही के 487 करोड़ रुपये के मुकाबले घाटा 2.7% बढ़ा है।

हालांकि, ओला का ऑपरेशनल रेवेन्यू 56.6% गिरकर 265 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 611 करोड़ रुपये था। वहीं दिसंबर तिमाही के 470 करोड़ रुपये के मुकाबले रेवेन्यू में 43.6% की गिरावट दर्ज की गई।

फंड जुटाने का पहला बड़ा कदम

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद यह उसका पहला बड़ा इक्विटी फंड जुटाने का अभियान है। यह ऐसे समय में आया है, जब कई नई टेक कंपनियां विस्तार योजनाओं और पूंजी मजबूत करने के लिए संस्थागत निवेशकों से पैसा जुटा रही हैं।

ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों का हाल

Ola Electric Mobility का शेयर गुरुवार को 1.25% की गिरावट के साथ 43.29 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 18.26% चढ़ा है।

Stocks to Watch: शुक्रवार 5 जून को इन 8 स्टॉक्स पर रखें नजर, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।