Ola Electric Share Price: इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मेकर ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों में 10 सितंबर को शानदार तेजी है। शेयर दिन में BSE पर पिछले बंद भाव से 8.5 प्रतिशत तक चढ़कर 40.50 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 18300 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर में तेजी की वजह वैल्यू बाइंग लग रही है क्योंकि इससे पहले लगातार 3 कारोबारी सत्रों में शेयर 2.4 प्रतिशत नीचे आया था।
ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6145.56 करोड़ रुपये का रहा था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 61.40 रुपये और एडजस्टेड लो 21.21 रुपये है।
Ola Electric शेयर 6 महीनों में 64 प्रतिशत चढ़ा
ओला इलेक्ट्रिक का शेयर 6 महीनों में लगभग 64 प्रतिशत मजबूत हुआ है। एक साल में कीमत 33 प्रतिशत कमजोर हुई है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 32.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर के लिए Citi और Kotak Institutional Equities दोनों ने 'सेल' रेटिंग दी है। सिटी ने 26 और कोटक ने 20 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। गोल्डमैन सैक्स ने 'न्यूट्रल' रेटिंग दी हुई है। टारगेट प्राइस 40 रुपये प्रति शेयर है।
कंपनी ने अगस्त की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह देशभर में अपने सेल्स और सर्विस नेटवर्क को डीलर पार्टनर्स के लिए खोल रही है। यह कदम कंपनी की बाजार रणनीति में बड़ा बदलाव है। ओला इलेक्ट्रिक ने कहा था कि आने वाले महीनों में उसके स्टोर, ब्रांड और उत्पाद अनुभव केंद्रों के रूप में काम करेंगे। वहीं डीलर पार्टनर देशभर में लोकल सेल्स, सर्विस और विस्तार का मुख्य आधार बनेंगे, इस अनुभव को देश के हर कस्बे और मोहल्ले तक पहुंचाएंगे।
जून तिमाही में घाटे में रही गिरावट
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक का कंसालिडेटेड शुद्ध घाटा सालाना आधार पर घटकर 336 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 428 करोड़ रुपये था। EBITDA लॉस भी 281 करोड़ से घटकर 165 करोड़ रुपये रह गया। ऑपरेशंस से कंसालिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 45 प्रतिशत कम होकर जून 2026 तिमाही में 455 करोड़ रुपये पर आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।