Olectra Greentech Stock Price: इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयरों में 6 मार्च को लगातार तीसरे दिन तेजी दिखी। बीएसई पर कीमत 4.5 प्रतिशत तक उछलकर 1138.55 रुपये के हाई तक चली गई। बाद में यह तेजी 2 प्रतिशत पर सिमट गई और शेयर 1113.15 रुपये पर बंद हुआ। 3 कारोबारी सेशंस में शेयर 6 प्रतिशत मजबूत हो चुका है। वहीं 3 मार्च 2025 को देखे गए 52 सप्ताह के निचले स्तर 1,008 रुपये से 10 प्रतिशत रिकवर हो चुका है।
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक मुख्य रूप से कंपोजिट पॉलिमर इंसूलेटर्स, इलेक्ट्रिक बस और इलेक्ट्रिक ट्रक बनाती है। साल 2024 में भारत में रजिस्टर्ड 3616 इलेक्ट्रिक बसों में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 17 प्रतिशत थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने BYD India को 2,325 इलेक्ट्रिक बस चेसिस का ऑर्डर दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 9100 करोड़ रुपये है। दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास कंपनी में 50.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
एक साल में 40 प्रतिशत लुढ़का शेयर
Olectra Greentech शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 2,012.45 रुपये है, जो 4 अप्रैल 2024 को देखा गया था। शेयर की फेस वैल्यू 4 रुपये है। Olectra Greentech का शेयर पिछले एक साल में 40 प्रतिशत और साल 2025 में अभी तक 25 प्रतिशत टूट चुका है। शेयर के लिए अपर सर्किट 1,306.25 रुपये और लोअर सर्किट 870.85 रुपये पर है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।
दिसंबर तिमाही में मुनाफा 72 प्रतिशत बढ़ा
अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 71.7 प्रतिशत बढ़कर 46.33 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 26.98 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दिसंबर 2024 तिमाही में सालाना आधार पर 50.6 प्रतिशत बढ़कर 515.37 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2023 तिमाही में यह 342.14 करोड़ रुपये था। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक की कुल इनकम बढ़कर 517.58 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।