Stock in Focus: इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट कंपनी Pace Digitek Ltd की मटेरियल सब्सिडियरी Lineage Power Private Ltd को Reliance Industries Ltd से ₹158.71 करोड़ (GST सहित) का बड़ा परचेज ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर लिथियम आयन बैटरी पैक की सप्लाई के लिए दिया गया है।
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी Li-ion 48V 15S1P 314 AH बैटरी पैक की सप्लाई करेगी। यह कॉन्ट्रैक्ट एक घरेलू कंपनी की ओर से दिया गया है और इसका पूरा काम भारत में ही किया जाएगा। कंपनी को 31 अगस्त 2026 तक पूरी डिलीवरी करनी है।
सऊदी अरब से भी मिला था ऑर्डर
पिछले हफ्ते भी Pace Digitek की सब्सिडियरी Lineage Power Private Ltd को एक अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिला था। यह 1.35 मिलियन डॉलर का ऑर्डर सऊदी अरब की Yaqin Chem ने दिया छा। इसके तहत चार मोबाइल Battery Energy Storage Systems यानी BESS यूनिट्स की सप्लाई की जानी है। ये यूनिट्स गूजनेक ट्रेलर पर लगाई जाएंगी।
इन BESS यूनिट्स में 200 KW-1200 KWH और 200 KW-2500 KWH बैटरी कॉन्फिगरेशन शामिल हैं। इससे कंपनी की एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस सेगमेंट में पकड़ और मजबूत हुई है।
Pace Digitek के शेयरों का हाल
Pace Digitek का शेयर सोमवार 23 फरवरी को NSE पर 1.24 प्रतिशत गिरकर ₹181.68 पर बंद हुआ। इसने 1 महीने में 11.15% का रिटर्न दिया है। हालांकि, बीते 6 महीने के दौरान इसमें 16.66% की गिरावट आई है। कंपनी का मार्केट कैप 3.92 हजार करोड़ रुपये है।
Pace Digitek का बिजनेस क्या है
Pace Digitek Ltd एक टेक्नोलॉजी आधारित कंपनी है। यह लिथियम आयन बैटरी पैक बनाती है। कंपनी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम यानी BESS भी तैयार करती है। यह पावर बैकअप और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक सॉल्यूशंस देती है। इसके ग्राहक टेलीकॉम, रिन्यूएबल एनर्जी और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर से जुड़े हैं।
कंपनी डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई तक पूरा काम खुद करती है। इसकी सब्सिडियरी Lineage Power Private Ltd बड़े प्रोजेक्ट्स संभालती है। खासकर मोबाइल और स्टैटिक BESS सॉल्यूशंस में कंपनी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।