बाजार में हाहाकार मचा है। पिछले दो दिनों से बिकवाली देखने को मिली है। आज बाजार की गिरावट अडानी ग्रुप के स्टॉक्स की वजह से बढ़ी हुई नजर आई। बाजार में आज दिखा हुआ पैनिक पहले भी कई बार दिख चुका है। ऐसे पैनिक माहौल में भी निवेशकों को पैनिक हुए बगैर किस नजरिये से ट्रेडिंग करनी चाहिए। इस पर बात करते हुए मार्केट एक्सपर्ट दिलीप भट्ट ने कहा कि बाजार में इस तरह की स्थिति आती रहती है। इसमें ट्रेडिंग के लिए फिलहल संयम से काम लेना चाहिए। लेकिन किसी को 1 से डेढ़ साल के नजरिये से खरीदारी करनी हो तो अच्छे स्टॉक्स में खरीदारी के मौके भी तलाशने चाहिए। हमारे सहयोगी चैनल सीएनबीसी-आवाज़ से बातचीत में मार्केट एक्सपर्ट ने ऐसा कहा।
जल्दबाजी में नहीं धीरे-धीरे करें निवेश
उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल बाजार में टेंशन नजर आ रहा है। लेकिन इस पैनिक का लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स की तरह नहीं सोचना चाहिए। बल्कि 1 साल से लेकर डेढ़ साल के नजरिये से अच्छे स्टॉक्स खरीदने पर इस पैनिक मार्केट में भी पैसा बनाया जा सकता है। बाजार में हम देख रहे हैं कि FIIs लगातार बिकवाली कर रहे हैं।
हमारा मानना है कि यहां से जो रिकवरी आयेगी वह वीक रिकवरी होगी। इसलिए किसी को भी जल्दबाजी में कूद कर करेंट लेवल पर खरीदारी नहीं करनी चाहिए। बल्कि उसको एसआईपी के जरिये खरीद सकते हैं। बजट की वजह से शॉर्ट टर्म थोड़ा जम्प देखने को मिल सकता है। ये स्थिति एक महीने स्थिर हो सकती है या उसके बाद स्थिर हो सकती है। लेकिन यदि कोई निवेशक 1 से डेढ़ साल के नजरिये खरीदारी करता है तो उसे कमाने के मौके मिलेंगे।
कुल मिलाकर अगर आप शॉर्ट टर्म ट्रेडर हैं तो ज्यादा जल्दबाजी ना करें बल्कि धीरे-धीरे पैसा लगाकर कमाने की रणनीति बनाये।
बैंकिंग सेक्टर में अभी भी कमाई के मौके
दिलीप भट्ट ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में ओवर रिएक्शन देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ समय में बैंकिंग शेयरों ने आउटपरफॉर्म किया था इसलिए अब इसमें ऐसा रिएक्शन देखने को मिला है। लेकिन बैंकिंग सेक्टर पर हमारा नजरिया अच्छा है। निवेश के लिहाजा से एसबीआई पर दांव लगाया जा सकता है। इसके साथ ही मुझे बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक में भी अच्छे अवसर दिखाई दे रहे हैं। इनके साथ ही आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयरों में धीरे-धीरे निवेश करना चाहिए। इन शेयरों में 1 साल से ज्यादा समय तक बने रहने पर अच्छी कमाई हो सकती है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )