Paytm Share Price: 8% टूटने के बाद रिकवरी, 1% गिरावट के साथ बंद; पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द होने से बिकवाली

Paytm Share Price: पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने अपने कामकाज को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पेटीएम ने कहा है कि उस पर PPBL पर हुई कार्रवाई का कोई सीधा वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा। उसकी सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 4:31 PM
Story continues below Advertisement
PPBL ने 23 मई 2017 से पेमेंट्स बैंक के रूप में काम करना शुरू किया था।

पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के शेयरहोल्डर्स के लिए 27 अप्रैल खराब रहा। शेयर शुरुआती कारोबार में BSE पर पिछले बंद भाव से 8 प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 1051.05 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर संभला और लगभग 1.5 प्रतिशत गिरावट के साथ 1130.15 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 72300 करोड़ रुपये हो गया है। दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेमेंट्स बैंक नियमों का पालन न करने के कारण पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है।

RBI ने कहा कि बैंक का संचालन जिस तरीके से किया जा रहा था, वह उसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक था। बैंक ने उसे दिए गए पेमेंट्स बैंक लाइसेंस की शर्तों का पालन नहीं किया, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक के पास इतनी नकदी है कि बंद होने की स्थिति में वह अपने सभी जमाकर्ताओं का पैसा वापस कर सकेगा। बयान के अनुसार, अब बैंक को तत्काल प्रभाव से बैंकिंग से जुड़े किसी भी कार्य को करने से रोक दिया गया है।

PPBL ने अपने कामकाज को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक पहले भी कई मौकों पर रेगुलेटरी जांच के दायरे में आ चुका है। मार्च 2022 में RBI ने इसे नए ग्राहकों को जोड़ने से रोक दिया था। जनवरी 2024 में RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक के लिए नए डिपॉजिट्स लेने और क्रेडिट ट्रांजेक्शंस पर रोक लगा दी। यह 29 फरवरी के बाद लागू की गई। केवाईसी में गड़बड़ियों के चलते RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर कार्रवाई की। PPBL ने 23 मई 2017 से पेमेंट्स बैंक के रूप में काम करना शुरू किया था।


Paytm का क्या आया बयान

पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर हुई इस कार्रवाई से पेटीएम पर कोई वित्तीय या कारोबारी प्रभाव नहीं पड़ेगा। पेटीएम ने 1 मार्च, 2024 के खुलासे का हवाला देते हुए शेयर बाजार को बताया है कि उसका PPBL के साथ कोई महत्वपूर्ण व्यावसायिक समझौता नहीं है। पेटीएम ने कहा कि कंपनी द्वारा दी जाने वाली कोई भी सेवा PPBL के साथ साझेदारी में नहीं है। इसके अलावा PPBL स्वतंत्र रूप से काम करता है। इसके बोर्ड या मैनेजमेंट में पेटीएम का कोई दखल नहीं है। कंपनी पर PPBL पर हुई कार्रवाई का कोई सीधा वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि कंपनी पहले ही अपने निवेश को बट्टे खाते में डाल चुकी है।

पेटीएम ने कहा है कि उसकी सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी। इन सेवाओं में पेटीएम ऐप, पेटीएम यूपीआई, पेटीएम गोल्ड और सहायक व सहयोगी कंपनियों द्वारा दी जाने वाली अन्य सेवाएं जैसे पेटीएम क्यूआर, साउंडबॉक्स, कार्ड मशीन, पेमेंट गेटवे और पेटीएम मनी आदि शामिल हैं।

Q4 नतीजों के बाद Axis Bank 5% लुढ़का, ब्रोकरेज को अभी भी दिख रहा दम, 94% ने 'बाय' रेटिंग रखी बरकरार

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।