Paytm Share Price: 2 मार्च को पेटीएम के शेयरों में 3 प्रतिशत से ज्यादा तक की गिरावट देखी गई। एक दिन पहले फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट-इंडिया ने मनी लॉन्ड्रिंग मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर 5.49 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उसकी वित्तीय खुफिया इकाई ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जानकारी प्राप्त करने के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक की जांच शुरू कर दी है। इस नए अपडेट के बाद सुबह पेटीएम का शेयर बीएसई पर गिरावट के साथ 418 रुपये पर खुला।
दिन में यह पिछले बंद भाव से 3.6 प्रतिशत टूटकर 410 रुपये के लेवल पर आ गया। हालांकि बाद में यह थोड़ा संभला। पेटीएम शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 998.30 रुपये और निचला स्तर 318.35 रुपये है। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 446.70 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 404.20 रुपये है।
Paytm और Paytm Payments Bank के बीच कई एग्रीमेंट खत्म
एक दिन पहले यह भी खबर आई थी कि Paytm और पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL or Paytm Payments Bank) के बीच कई एग्रीमेंट्स खत्म होने वाले हैं। पेटीएम के बोर्ड ने अपनी एसोसिएट एंटिटी, PPBL के साथ कई इंटर-कंपनी एग्रीमेंट्स को खत्म करने की मंजूरी दे दी है। पेटीएम की पेरेंट कंपनी One 97 Communications ने 1 मार्च को इस बारे में स्टॉक एक्सचेंजों को सूचित किया। कंपनी ने कहा कि इसके अलावा, PPBL के शेयरधारक PPBL की गवर्नेंस को सपोर्ट करने के लिए शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट (SHA) को सरल बनाने पर सहमत हुए हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।