पेटीएम ब्रांड की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयरों में 27 अक्टूबर को गिरावट है। कंपनी के तिमाही नतीजे शानदार रहने के बावजूद शेयर में बिकवाली हो रही है। शेयर BSE पर पिछले बंद भाव से 1.67 प्रतिशत तक टूटकर 1,627.35 रुपये के लो तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान पेटीएम का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 10 गुना से अधिक होकर 226 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने लगातार छठी तिमाही मुनाफा कमाया। एक साल पहले की समान तिमाही में मुनाफा 21 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये हो गया। ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई (EBITDA) सालाना आधार पर 90 प्रतिशत बढ़कर सितंबर 2026 तिमाही में रिकॉर्ड 270 करोड़ रुपये हो गई। EBITDA मार्जिन पहली बार डबल डिजिट में 10 प्रतिशत दर्ज किया गया।
पेमेंट सर्विसेज से मिलने वाला रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 1,434 करोड़ रुपये रहा, जबकि फाइनेंशियल सर्विसेज के डिस्ट्रीब्यूशन से रेवेन्यू 49 प्रतिशत बढ़कर 912 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान पेटीएम के यूपीआई लेनदेन की वैल्यू 42 प्रतिशत बढ़ी। मासिक लेनदेन करने वाले यूजर्स की संख्या सालाना आधार पर एक करोड़ बढ़कर 8.5 करोड़ हो गई। सितंबर, 2026 के अंत में कंपनी के पास 13,617 करोड़ रुपये की नकदी थी।
FY27 के पहले 6 महीनों में कैसा बिजनेस
इसके साथ ही, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानि कि अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान पेटीएम का शुद्ध मुनाफा 3 गुना से अधिक होकर 446ल करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले समान अवधि में यह 144 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 5096 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 छमाही में 3,979 करोड़ रुपये था।
ब्रोकरेज की Paytm के शेयर को लेकर क्या राय
तिमाही नतीजों के बाद जेफरीज ने पेटीएम के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 2,150 रुपये प्रति शेयर रखा है। इसके पीछे ब्रोकरेज ने लगातार बरकरार बिजनेस मोमेंटम और बेहतर ऑपरेटिंग एफिशिएंसी का हवाला दिया। जेफरीज को उम्मीद है कि दिवाली के बाद UPI MDR लागू होने से कंपनी का मुनाफा बढ़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, लोन डिस्ट्रीब्यूशन और निवेश में भी लगातार ग्रोथ देखने को मिलेगी।
सिटी ने पेटीएम स्टॉक के लिए अपना टारगेट प्राइस काफी बढ़ा दिया है। अब यह 1,940 रुपये प्रति शेयर है। रेटिंग 'बाय' है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्तीय सेवाओं में ग्रोथ तेज होगी और नेट पेमेंट मार्जिन में सुधार आएगा, भले ही इसमें UPI से मिलने वाले संभावित फायदे को शामिल न किया जाए।
गोल्डमैन सैक्स ने 'बाय' रेटिंग तो बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट प्राइस 2,070 रुपये से घटाकर 2,010 रुपये कर दिया है। हालांकि ब्रोकरेज ने पेटीएम के दूसरी तिमाही के प्रदर्शन को उम्मीद से बेहतर बताया है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि हाल ही में घोषित UPI MDR से पेटीएम का EBITDA 40 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। इस संभावित फायदे को अभी स्टॉक की कीमत में पूरी तरह से शामिल नहीं किया गया है। गोल्डमैन सैक्स को यह भी लगता है कि पेटीएम पोस्टपेड के विस्तार और वॉलेट बिजनेस को फिर से लॉन्च करने की संभावना से कमाई के और भी मौके बन सकते हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।