पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One 97 Communications) के शेयरों में आज जमकर खरीदारी हुई। इंट्रा-डे में इसके शेयर 4 फीसदी से अधिक उछल गए थे। ऑनलाइन पेमेंट्स एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेटफॉर्म Paytm ऑपरेट करने वाली वन97 कम्युनिकेशंस के शेयरों में यह खरीदारी एनपीसीआई (NPCI) के एक नए नियम के चलते हो रही है। एनपीसीआई ने PPI Wallets (प्री-पेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स वॉलेट्स) पर शुल्क लगा दिया है, जिसका पेटीएम को सबसे अधिक फायदा मिलेगा। इस कारण इसके शेयर तेजी से उछल रहे हैं। आज इंट्रा-डे में यह बीएसई पर 4.14 फीसदी उछलकर 655.80 रुपये (Paytm Share Price) पर पहुंच गया था। हालांकि मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में यह 0.72 की बढ़त के साथ 634.25 रुपये पर बंद हुआ है।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) पेमेंट को लेकर बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत अब कल यानी एक अप्रैल से पीपीआई यानी पीपीआई वॉलेट्स के जरिए यूपीआई से मर्चेंट पेमेंट पर 0.5-1.1 फीसदी तक का इंटरचार्ज चार्ज लगेगा। हालांकि यह चार्ज 2 हजार रुपये से अधिक के पेमेंट पर लगेगा। पहले ऐसा कोई चार्ज नहीं था। हालांकि एनपीसीआई ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यूजर्स का इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि यह चार्ज उनसे नहीं वसूला जाएगा।
Paytm को क्यों मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
एनपीसीआई का नया नियम लागू होने के बाद पेटीएम वॉलेट कस्टमर्स, जिन्होंने पूरी केवाईसी कराई हुई है, जब किसी दूसरे पेमेंट एग्रीगेटर्स या बैंकों के मर्चेंट्स के पास पेमेंट्स करेंगे, तो पेटीएम 1.1 फीसदी का इंटरचेंज रेवेन्यू मिलेगा। मॉर्गन स्टैनले की रिपोर्ट के मुताबिक इस नियम का सबसे अधिक फायदा पेटीएम को मिल सकता है क्योंकि सबसे अधिक वॉलेट्स इसी ने जारी किए। इसके 10 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। मॉर्गन स्टैनले ने इसमें निवेश के लिए 695 रुपये का टारगेट दिया। वहीं सिटी ने इसमें निवेश के लिए 1061 रुपये का टारगेट दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।