Paytm में विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली, 1 साल में बेच डाले 3 करोड़ शेयर, जानें डिटेल

विदेशी निवेशकों (FPI) ने पिछले एक साल में Paytm के करीब 3 करोड़ शेयर बेचकर अपनी हिस्सेदारी 44 फीसदी घटा ली है

अपडेटेड Nov 02, 2022 पर 2:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Paytm के शेयरों में लिस्टिंग के बाद से अबतक करीब 60% की गिरावट आ चुकी है

Paytm Shares: फिनटेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी पेटीएम (Paytm) के शेयरों में इसकी लिस्टिंग के दिन से ही लगातार गिरावट जारी है। पेटीएम के शेयर पिछले साल नवंबर में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुए थे, और तब से अबतक इसमें करीब 60 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। इस बीच कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न को देखने से पता चलता है कि जहां पिछले एक साल में रिटेल निवेशकों ने इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर दोगुना किया है। वहीं विदेशी निवेशकों (FPI) ने पिछले एक साल में Paytm के करीब 3 करोड़ शेयर बेचकर अपनी हिस्सेदारी 44 फीसदी घटा ली है।

ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लिस्टिंग से एक दिन पहले विदेशी निवेशकों की Paytm में करीब 10.37% हिस्सेदारी थी और उनके पास कंपनी के कुल 6.71 करोड़ शेयर थे। हालांकि पिछले एक सालों में विदेशी निवेशकों ने इसमें से 2.97 करोड़ शेयर या अपनी करीब 44 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी। विदेशी निवेशकों के पास अब Paytm के करीब 3.74 करोड शेयर हैं।

वहीं इस दौरान Paytm के शेयर में रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी करीब दोगुनी हो गई है। रिटेल निवेशकों के बीच लिस्टिंग के समय Paytm के शेयरों में रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी 2.79% फीसदी थी, जो अब बढ़कर 6.37% फीसदी पर पहुंच गई है।


Paytm के प्री-IPO निवेशकों के लिए खत्म होने वाला लॉक-इन पीरियड

Paytm के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में बदलाव की खबर यह ऐसे समय में आई है, जब इसके प्री-आईपीओ निवेशकों के लिए लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाला है। Paytm के शेयर 18 नवंबर 2021 को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुए थे। कंपनी का इश्यू प्राइस 2150 रुपये था। लिस्टिंग के दिन इस शेयर में इसके ऑफर प्राइस से 27 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।

यह भी पढ़ें- LIC Housing के शेयर 10% टूटे, जानिए क्यों स्टॉक में आई 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट

Paytm के 85.76% शेयर बिक्री के लिए हो जाएंगे उपलब्ध

14 नवंबर को कंपनी में 85.76 फीसदी शेयरहोल्डिंग लॉक-इन से बाहर आ जाएंगे। कंपनी के बड़े प्री-आईपीओ इन्वेस्टरों में Antfin, Elevation Capital and SAIF Funds, Berkshire Hathaway जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी के फाउंडर विजय शेखर शर्मा भी लॉक इन खत्म होने के बाद 8.9 फीसदी हिस्सा बेचने के लिए एलिजबल होंगे।

लॉक-इन पीरियड खत्म होने पर क्या होता है?

Complete Circle Capital के पार्टनर और वाइस प्रेसीडेंट आदित्य कोंडावर (Aditya Kondawar) का कहना है कि हमें ये देखने को मिला है कि जब भी लॉक-इन खत्म होता होता है बाजार में शेयरों की ओवर सप्लाई हो जाती है जिससे शेयरों के दाम घट जाते हैं। ऐसे में इस बात की बड़ी संभावना है कि नवंबर में लॉक-इन से बाहर आने वाले शेयरों में भी करेक्शन देखने को मिल सकता है।

Paytm के शेयर इस महीने 2.73% गिरे

इस बीच Paytm के शेयर आज दोपहर 2 बजे, एनएसई पर 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 640.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। स्टॉक अपने एक साल के उच्चतम स्तर से करीब 67 फीसदी की गिरावट पर कारोबार कर रहा है। पिछले एक महीने में Paytm के शेयरों में 2.73 फीसदी की गिरावट आई है।

डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।