रेगुलेशंस में बदलाव किसी कंपनी के बिजनेस मॉडल पर बड़ा असर डाल सकता है। पीबी फिनटेक इसका उदाहरण है। इंश्योरेंस सेक्टर के रेगुलेटर आईआरडीएआई का नए कंसल्टेशन पेपर आने के बाद से यह शेयर क्रैश कर गया है। 1 अक्तूबर को लगातार छठे सत्र इस शेयर में गिरावट आई। इससे शेयर का प्राइस आईपीओ के इश्यू प्राइस से नीचे आ गया है। यह कंपनी पॉलिसीबाजार ब्रांड नाम से इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स बेचती है।
980 रुपये के आईपीओ के इश्यू प्राइस से नीचे आ गया था
PB Fintech का शेयर 1 अक्तूबर को करीब 8 फीसदी गिरकर 984 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय आईपीओ में 980 रुपये के इश्यू प्राइस से नीचे आ गया था। इस हफ्ते यह शेयर 17 फीसदी फिसला है। इस गिरावट ने बीते पांच सालों में शेयर में आई पूरी तेजी खत्म कर दी है। अचानक यह निवेशकों का पैसा डुबाने वाला स्टॉक बन गया है।
पिछले साल जनवरी में शेयर की कीमत 2254 रुपये थी
पीबी फिनेटक का शेयर 6 जनवरी, 2025 को 2,254 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। उसके बाद इसमें कंसॉलिडेशन देखने को मिला। इस दोरान शेयर की कीमत 1,800-1,900 की रेंज में बनी रही। लेकिन, अचानक आई गिरावट के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने भी इस शेयर पर अपनी राय बदल दी है। कई ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर के टारगेट प्राइस में भी कमी की है।
कंपनी ने 2021 में पेश किया था आईपीओ
कंपनी ने करीब पांच साल पहले आईपीओ पेश किया था। प्रत्येक 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर को कंपनी ने इनवेस्टर्स को 980 रुपये के प्राइस पर इश्यू किए थे। शेयर की लिस्टिंग प्रीमियम पर हुई थी। खासकर 2023 के बाद से इस शेयर में एकतरफा तेजी देखने को मिली थी। इस तेजी ने उन इनवेस्टर्स को खुश कर दिया था, जिन्हें आईपीओ में शेयर एलॉट हुए थे।
IRDAI के कंसल्टेशन पेपर की वजह से गिरा शेयर
इस शेयर में अचानक आई बड़ी गिरावट की वजह IRDAI का कंसल्टेशन पेपर है। इंश्योरेंस रेगुलेटर इंश्योरेंस पॉलिसी की बिक्री पर मिलने वाले कमीशन के नियमों में बड़ा बदलाव करने का प्रस्ताव पेश किया है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो इंश्योरेंस कंपनियों के डिस्ट्रिब्यूटर्स और एजेंट्स की कमाई पर सीधा असर पड़ेगा। चूंकि पीबी फिनटेक की कमाई का बड़ा हिस्सा इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की सेल्स से आता है, जिससे उसकी कमाई में भी बड़ी गिरावट दिख सकती है।
ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर पर बदली अपनी राय
एचएसबीसी ने इस शेयर को डाउनग्रेड किया है। उसने अपनी रेटिंग 'बाय' से घटाकर 'होल्ड' कर दी है। दोलत कैपिटल ने इस शेयर पर अपनी रेटिंग घटाकर 'सेल' कर दी है। मैक्वायरी ने इस शेयर पर अपनी रेटिंग घटाकर 'न्यूट्रल' कर दी है। इन तीनों ब्रोकरेज फर्मों ने पीबी फिनटेक के शेयर के लिए 1,150 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि इस शेयर के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो सकता है।