PB Fintech Share Price: पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक (PB Fintech) इन दिनों हेल्थकेयर सेक्टर में कदम रखने की योजना को लेकर सुर्खियों में है। कंपनी के चेयरमैन और ग्रुप सीईओ, याशिश दहिया ने हमारे सहयोगी CNBC-TV18 को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि यह कदम बोर्ड की मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि PB Fintech इस नई हेल्थकेयर कंपनी में माइनॉरिटी निवेशक के रूप में शामिल होगी।
शुक्रवार को एक कार्यक्रम में पीबी फिनटेक के को-फाउंडर और एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आलोक बंसल ने भी कहा था कि उनका इरादा हॉस्पिटल्स का मालिक बनने का नहीं है, बल्कि हेल्थकेयर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने का है।
हालांकि, PB फिनटेक के शेयरों में पिछले सप्ताह में करीब 15% की गिरावट देखी गई है। पिछले पांच कारोबारी सत्र से इसका शेयर लगातार लाल निशान में बंद हुआ और शुक्रवार 27 सितंबर को यह 3% नीचे ₹1,632 पर बंद हुआ था। हालांकि इस साल अबतक इस शेयर ने 100% से अधिक का रिटर्न दिया है।
याशिश दहिया ने आगे कहा कि PB फिनटेक नई हेल्थकेयर कंपनी में 20% से 30% हिस्सेदारी के लिए 10 करोड़ डॉलर (करीब 837 करोड़ रुपये) तक का एकमुश्त निवेश कर सकती है, लेकिन यह निवेश कंपनी की बोर्ड मंजूरी पर आधारित होगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह एक बार का निवेश होगा और कंपनी का दोबारा निवेश करने का कोई इरादा नहीं है।
हालांकि, ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने शुक्रवार को PB फिनटेक पर "आउटपरफॉर्म" रेटिंग बरकरार रखी, और इसका प्राइस टारगेट 1,760 रुपये रखा। फर्म का कहना है कि PB फिनटेक के हाई ग्रोथ, मजबूत बिजनेस मॉडल और कैश जनरेशन के कारण निवेशकों ने इसमें निवेश किया था। लेकिन कंपनी के इस कदम को कुछ निवेशक इसके कैपिटल-लाइट बिजनेस मॉडल से एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देख सकते हैं, जिससे फिलहाल इसके शेयरों पर दबाव बना हुआ है।
अब सभी की नजर PB फिनटेक के बोर्ड की बैठक पर है, जहां यह तय होगा कि कंपनी का हेल्थकेयर क्षेत्र में प्रवेश होगा या नहीं। इस बीच PB फिनटेक के शेयर आज 30 सितंबर को शुरुआती कारोबार में 4 फीसदी से अधिक उछलकर 1,713.70 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।