ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने पॉलिसीबाजार की पेरेंट कंपनी PB फिनटेक लिमिटेड के शेयरों के लिए प्राइस टारगेट में लगभग 31% की कटौती की है। टारगेट को ₹1,590 से घटाकर ₹1,100 प्रति शेयर कर दिया है। हालांकि यह शेयर के पिछले बंद भाव से लगभग 6% ज्यादा है। रेटिंग "न्यूट्रल" रखी है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2028 और 2029 के लिए PB फिनटेक के नेट प्रॉफिट अनुमानों में भी क्रमशः 72% और 51% की कटौती की है।
2 दिन तेजी देखने के बाद 8 अक्टूबर को PB फिनटेक का शेयर फिर से लाल निशान में है। शुरुआती कारोबार में कीमत पिछले बंद भाव से लगभग 1 प्रतिशत तक लुढ़की। शेयर में 24 सितंबर से लेकर 5 अक्टूबर तक लगातार गिरावट रही थी। इन 7 कारोबारी सत्रों में यह 48 प्रतिशत नीचे आया। इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI का डिस्ट्रीब्यूशन सुधारों पर नया ड्राफ्ट आने के बाद शेयर में जबरदस्त बिकवाली हुई थी। माना जा रहा है कि कमीशन को लेकर ड्राफ्ट पेपर में प्रस्तावित कटौती से PB Fintech को सबसे ज्यादा नुकसान होगा, क्योंकि इन टेक-रेट पर कॉल सेंटर की लागत नहीं निकल पाएगी।
अकेले 24 सितंबर को PB फिनटेक के शेयर ने 36 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी। शेयर 6 और 7 अक्टूबर के दौरान 6 प्रतिशत उछला। बता दें कि इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) ने कुछ स्ट्रक्चरल सुधारों का प्रस्ताव दिया है। इनका मकसद इंश्योरेंस की लागत कम करना, उन लोगों तक कवरेज पहुंचाना जिन्हें अभी तक यह सुविधा नहीं मिली है, और इस सेक्टर को टिकाऊ विकास की राह पर वापस लाना है।
PB Fintech पर नोमुरा के तर्क
नोमुरा ने PB फिनटेक के पॉइंट ऑफ सेल्स पर्सन (POSP) बिजनेसेज के प्रीमियम अनुमानों में कटौती की है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी इस सेगमेंट से बाहर निकल सकती है। पॉलिसीबाजार, दुबई और कॉर्पोरेट सेगमेंट के अनुमानों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नोमुरा ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि प्रस्तावित कमीशन कैप के अनुसार 'टेक रेट्स' में भी बदलाव किया गया है। नतीजतन, वित्त वर्ष 2028 और 2029 के लिए PB फिनटेक के कुल खर्च के अनुमानों को क्रमशः 40% और 48% तक कम किया गया है। नोमुरा का अब मानना है कि वित्त वर्ष 2026-2030 के दौरान PB फिनटेक का कैश फ्लो 13.2% की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ेगा, जबकि पहले यह अनुमान 15.1% था।
कुछ अन्य ब्रोकरेज भी घटा चुके हैं प्राइस टारगेट
ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने भी PB फिनटेक के शेयर के लिए टारगेट प्राइस 2310 रुपये से घटाकर 1085 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। लेकिन आउटपरफॉर्म रेटिंग बरकरार रखी है। IRDAI का ड्राफ्ट आने के बाद बर्नस्टीन ने अपने नोट में लिखा कि कमीशन में प्रस्तावित कटौती बहुत बुरी है और ड्राफ्ट पेपर में प्रस्तावित 'टेक रेट' से PB Fintech का यूनिट-इकोनॉमिक्स बिगड़ जाएगा। कम जनरल इंश्योरेंस टेक रेट PB फिनटेक की मौजूदा लागत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकते हैं। IRDAI के ड्राफ्ट पेपर में कोटेशन (Rates) बनाने के लिए कॉन्टैक्ट डिटेल्स इकट्ठा करने पर साफ तौर पर रोक लगाई गई है। बर्नस्टीन के अनुसार, PB Fintech के लिए यह कस्टमर बनाने का एक अहम जरिया है।
HSBC ने PB फिनटेक के शेयर के लिए रेटिंग घटाकर होल्ड कर दी है। टारगेट प्राइस 2,100 रुपये से घटाकर 1,150 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। मोतीलाल ओसवाल ने 1,150 रुपये के टारगेट के साथ न्यूट्रल रेटिंग बरकरार रखी है। मैक्वेरी ने शेयर की रेटिंग आउटपरफॉर्म से घटाकर न्यूट्रल कर दी है। टारगेट प्राइस 1,150 रुपये प्रति शेयर दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।