इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली PG इलेक्ट्रोप्लास्ट लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स के लिए 9 मार्च का दिन बेहद खराब गया। शेयर में दिन में 15 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर कीमत 516.80 रुपये के लो तक चली गई। बाद में यह 14 प्रतिशत गिरावट के साथ 522.45 रुपये पर बंद हुआ। बिकवाली की वजह है कि कंपनी को अपने गैस सप्लायर्स से गैस सेल्स एंड परचेज एग्रीमेंट के तहत गैस की कमी को लेकर एक कम्युनिकेशन मिला है।
PG इलेक्ट्रोप्लास्ट ने शेयर बाजारों को बताया है, "यह कम्युनिकेशन मिडिल ईस्ट रीजन में चल रहे युद्ध की वजह से समुद्री नेविगेशन पर लगी पाबंदियों से कुछ जहाजों को हो रही दिक्कतों की वजह से है। इससे गैस सप्लाई पर असर पड़ रहा है।" यह भी कहा कि इसके चलते गैस की उपलब्धता बहुत कम हो गई है। सप्लाई में रुकावट की वजह से 9 मार्च से कंपनी के लिए LPG का एलोकेशन कम हो गया है।
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही लड़ाई की वजह से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है। समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज व्यावसायिक जहाजों के लिए लगभग बंद हो गया है। इसकी वजह से सप्लाई कम होने और शिपमेंट में लंबे समय तक रुकावट का डर बढ़ गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक अत्यंत संकरा और रणनीतिक समुद्री मार्ग है। यह ईरान और ओमान/यूएई के बीच स्थित है। दूसरे रूट से शिपमेंट को डेस्टिनेशन तक पहुंचने में देरी हो रही है।
कमी के संभावित असर का अंदाजा लगाना अभी मुश्किल
PG इलेक्ट्रोप्लास्ट ने आगे कहा कि वह अभी अपने कस्टमर्स के लिए सप्लाई में किसी भी तरह की कटौती लागू करने को लेकर स्थिति का आकलन कर रही है। साथ ही प्रभावित न होने वाले प्रोडक्शन के लिए दूसरे सोर्स/सप्लाई तलाश रही है। PG इलेक्ट्रोप्लास्ट ने यह भी कहा कि अभी चल रही कमी के संभावित असर का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता, लेकिन वह बदलते हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है।
PG इलेक्ट्रोप्लास्ट AC, वॉशिंग मशीन और ऑटोमोटिव पार्ट्स के लिए हाई-क्वालिटी प्लास्टिक कंपोनेंट बनाने के लिए एक खास प्रोसेस के तौर पर गैस-असिस्टेड इंजेक्शन मोल्डिंग का इस्तेमाल करती है। कंपनी गैस चार्जिंग के क्षेत्र में भी है, क्योंकि यह रूम AC भी बनाती है। इसमें कूलिंग देने के लिए R-32 या R-410A जैसी गैसों का इस्तेमाल किया जाता है।
रविवार को ईरान ने पड़ोसी देशों पर हमले किए, जबकि इजरायल ने तेहरान में फ्यूल डिपो पर हमला किया। यह लड़ाई तब शुरू हुई, जब 28 फरवरी 2026 को इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की। कुछ ही घंटों में ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजरायल पर हमले कर दिए। ईरान ने मध्यपूर्व के कई देशों पर भी हमले किए हैं। पश्चिम एशिया में छाए संकट की वजह से सोमवार को कच्चे तेल की कीमत में लगभग 20% की तेजी आई और यह 100 डॉलर प्रति बैरल के मार्क को क्रॉस कर गया।
PG Electroplast शेयर एक साल में 37 प्रतिशत टूटा
PG Electroplast का मार्केट कैप 14900 करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वेल्यू 1 रुपये है। शेयर 2 साल में 217 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। वहीं एक साल में 40 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में हैवेल्स, डिक्सन टेक्नोलोजिज जैसे नाम शामिल हैं। नुवामा ने PG इलेक्ट्रोप्लास्ट के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 800 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
PG Electroplast का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू 367.49 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 31.55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1,486.76 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 84.71 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।