Pharma Stocks Prices: अमेरिका के 100 फीसदी टैरिफ के डर से फार्मा शेयर फिसले

Pharma Stocks Prices: अमेरिकी सरकार ब्रांडेड और पेटेंटेड दवाओं पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने पर विचार कर रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते महीनों में कई बार फार्मा कंपनियों पर टैरिफ लगाने के संकेत दिए हैं। यह टैरिफ 100 से 200 फीसदी के बीच हो सकता है

अपडेटेड Apr 02, 2026 पर 1:27 PM
Story continues below Advertisement
निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 2 अप्रैल को लगातार चौथे दिन गिरावट आई।

Pharma Stocks Prices: फार्मा शेयरों में 2 अप्रैल को 4 फीसदी तक गिरावट आई। इसकी वजह यह खबर है कि अमेरिकी सरकार उन दवा कंपनियों पर टैरिफ लगा सकती है, जिन्होंने दवा की कीमतों में कमी के लिए अमेरिकी सरकार से समझौते नहीं किए हैं। बायोकॉन, सन फार्मा और डिवीज लैब के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इससे निफ्टी फार्मा इंडेक्स 1.64 फीसदी गिर गया।

निफ्टी फार्मा इंडेक्स में लगातार चौथे दिन गिरावट

निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 2 अप्रैल को लगातार चौथे दिन गिरावट आई। गुरुवार को Biocon का शेयर 4 फीसदी गिरकर 350 रुपये पर चल रहा था। Sun Pharma का शेयर 2.53 फीसदी की गिरावट के साथ 1,685 रुपये पर चल रहा था। डिवीज लैब का शेयर 1.3 फीसदी की गिरावट के साथ 5,832 रुपये पर चल रहा था। टोरेंट फार्मा का शेयर 3.25 फीसदी की कमजोरी के साथ 3,978 रुपये पर चल रहा था।


अमेरिका लगा सकता है 100 फीसदी टैरिफ

खबरों के मुताबिक, अमेरिकी सरकार ब्रांडेड और पेटेंटेड दवाओं पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने पर विचार कर रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते महीनों में कई बार फार्मा कंपनियों पर टैरिफ लगाने के संकेत दिए हैं। यह टैरिफ 100 से 200 फीसदी के बीच हो सकता है। इसका मकसद दवा कंपनियों पर अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग शुरू करने के लिए दबाव बनाना और अमेरिका में दवा की कीमतों में कमी लाना है।

कई ग्लोबल कंपनियां कर चुकी हैं समझौते

फाइजर, एली लिली जैसी ग्लोबल दवा कंपनियों ने अमेरिकी सरकार के समझौते किए हैं। इससे उन्हें टैरिफ से तीन सालों के लिए राहत मिल गई है। प्रस्तावित टैरिफ ट्रेड एक्सपैंसन एक्ट के सेक्शन 232 के तहत जांच से जुड़ी है। सूत्रों का कहना है कि जिन कंपनियों ने समझौते नहीं किए हैं, उन पर 100 फीसदी तक टैरिफ लग सकता है। इससे पहले अमेरिकी सरकार ने 2025 में जो टैरिफ लगाया था, उसके दायरे से फार्मा कंपनियों को बाहर रखा था। हालांकि, अमेरिकी सरकार ने एक दर्ज से ज्यादा कंपनियों से इंडिविजुअल समझौते किए हैं।

यह भी पढ़ें: Donald Trump Address to Nation: ट्रंप के देश के नाम संबोधन का असर, शेयर और सोना-चांदी धड़ाम, क्रूड में उछाल

2 अप्रैल को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट 

2 अप्रैल को ट्रंप के संबोधन के बाद भारत सहित एशियाई शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट दिखी। 12:51 बजे निफ्टी 1.48 फीसदी यानी 333 अंक गिरकर 22,349 पर चल रहा था। सेंसेक्स 1.44 फीसदी यानी 1085 अंक की गिरावट के साथ 72,032 अंक पर चल रहा था। बैंक निफ्टी भी 2.12 फीसदी यानी 1,093 अंक गिरकर 50,363 अंक पर चल रहा था।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।