PhysicsWallah Q4 Results: 74% कम हुआ घाटा, कमाई में जोरदार उछाल; शेयरों पर रहेगी नजर

PhysicsWallah Q4 Results: एडटेक कंपनी PhysicsWallah के तिमाही नतीजों में बड़ा सुधार देखने को मिला है। कंपनी का घाटा 74 प्रतिशत घट गया, जबकि कमाई में 51 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। AI, बढ़ते पेड यूजर्स और ऑफलाइन सेंटरों के विस्तार ने कारोबार को नई रफ्तार दी है। शेयरों पर नजर रहेगी।

अपडेटेड May 27, 2026 पर 7:45 PM
Story continues below Advertisement
धवार को PhysicsWallah का शेयर 112.10 रुपये पर लगभग सपाट बंद हुआ।

PhysicsWallah Q4 Results: एडटेक कंपनी PhysicsWallah ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का घाटा काफी कम हुआ है, जबकि कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऑनलाइन और ऑफलाइन कारोबार के विस्तार, खर्चों पर नियंत्रण और AI के बढ़ते इस्तेमाल ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

75 करोड़ रुपये पर आया घाटा

मार्च तिमाही (Q4FY26) में PhysicsWallah का कंसोलिडेटेड नेट लॉस घटकर 74.9 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 293.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। यानी मार्च तिमाही में कंपनी का घाटा सालाना आधार पर करीब 74.4% घटा है।


वहीं कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 50.7 प्रतिशत बढ़कर 918.8 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले कमाई 609.6 करोड़ रुपये थी।

ऑपरेटिंग प्रदर्शन में बड़ा सुधार

PhysicsWallah का EBITDA इस तिमाही में 28.8 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को EBITDA स्तर पर 228.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

EBITDA मार्जिन में भी बड़ा सुधार देखने को मिला। एक साल पहले यह माइनस 37.5 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 3.1 प्रतिशत हो गया है।

पूरे साल में 3,900 करोड़ रुपये की कमाई

पूरे वित्त वर्ष 2026 में PhysicsWallah का रेवेन्यू 35 प्रतिशत बढ़कर 3,900 करोड़ रुपये पहुंच गया। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का रेवेन्यू 2,887 करोड़ रुपये था।

कंपनी का EBITDA भी दोगुने से ज्यादा बढ़कर 549 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 193 करोड़ रुपये था। साथ ही EBITDA मार्जिन 6.7 प्रतिशत से बढ़कर 14.1 प्रतिशत हो गया।

सालाना घाटा में भी आई भारी गिरावट

PhysicsWallah का सालाना घाटा भी काफी कम हुआ है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी को 243 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जो वित्त वर्ष 2026 में घटकर सिर्फ 24 करोड़ रुपये रह गया।

AI और खर्चों पर नियंत्रण का मिला फायदा

PhysicsWallah का कहना है कि मुनाफे में सुधार के पीछे तीन बड़े कारण रहे हैं। पहला, कारोबार बढ़ने के साथ परिचालन लागत का बेहतर प्रबंधन। दूसरा, खर्चों पर सख्त नियंत्रण। और तीसरा, अलग-अलग कामों में AI ऑटोमेशन का इस्तेमाल।

कंपनी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में उसके पेड यूजर्स की संख्या 20 प्रतिशत बढ़कर 53.4 लाख हो गई। इनमें 48.7 लाख ऑनलाइन पेड यूजर्स और 4.7 लाख ऑफलाइन स्टूडेंट्स शामिल हैं।

ऑफलाइन सेंटरों का नेटवर्क तेजी से बढ़ा

PhysicsWallah ने बीते साल अपने ऑफलाइन कारोबार का भी तेजी से विस्तार किया। कंपनी के सेंटरों की संख्या 198 से बढ़कर 353 हो गई। ये सेंटर भारत के अलावा यूएई में भी मौजूद हैं।

ऑफलाइन कारोबार से होने वाली कमाई 31 प्रतिशत बढ़कर 1,774 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं ऑनलाइन कारोबार का रेवेन्यू 39 प्रतिशत बढ़कर 1,954 करोड़ रुपये हो गया।

पढ़ाई से लेकर काउंसलिंग तक AI का इस्तेमाल

PhysicsWallah के सह-संस्थापक अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि PhysicsWallah अब पढ़ाई, काउंसलिंग, संचालन और नए प्रोडक्ट तैयार करने जैसे लगभग हर क्षेत्र में AI-फर्स्ट रणनीति अपना रही है।

कंपनी के मुताबिक, उसके AI टूल अब तक छात्रों के 9.9 करोड़ से ज्यादा सवालों का जवाब दे चुके हैं। इनका इस्तेमाल कॉपियां जांचने, पढ़ाई में मदद देने और वॉयस आधारित ट्यूटरिंग सिस्टम में भी किया जा रहा है।

नए प्लेटफॉर्म को भी मिला अच्छा रिस्पॉन्स

PhysicsWallah ने बताया कि उसके नए प्लेटफॉर्म Earners, PW Pi और PW Talks को भी छात्रों और यूजर्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी ने यह भी कहा कि Vishwas Diwas 2026 के दौरान उसका कलेक्शन 36 प्रतिशत बढ़कर 205 करोड़ रुपये पहुंच गया।

शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?

नतीजों के ऐलान से पहले बुधवार को PhysicsWallah का शेयर 112.10 रुपये पर लगभग सपाट बंद हुआ। हालांकि, साल 2026 में अब तक यह शेयर 15 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है। पिछले 12 महीनों में इसमें करीब 28 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।