एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला के शेयरहोल्डर्स के लिए 4 जून का दिन शानदार जा रहा है। शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से लगभग 18 प्रतिशत तक उछली। BSE पर शेयर 108.45 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 30400 करोड़ रुपये हो गया है। शेयर में जबरदस्त तेजी की अहम वजह एक घोषणा है। कंपनी ने छात्रों की कर्ज की जरूरतों को पूरा करने के लिए कई प्रमुख रेगुलेटेड थर्ड-पार्टी नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFCs) के साथ साझेदारी की है।
कंपनी ने हाल ही में अपने 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी FinZ Finance Private Limited में इक्विटी-निवेश के जरिए लगभग 120 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। लेकिन अब कंपनी ने अपने पुराने मॉडल को बदल दिया है। अब वह सीधे ऋण देने के बजाय छात्रों को उपयुक्त वित्तीय संस्थानों से जोड़ने का काम करेगी। कंपनी बैलेंस शीट और क्रेडिट से जुड़े जोखिमों को काफी हद तक कम करना चाहती है। FinZ Finance के भविष्य को लेकर कंपनी जल्द ही बोर्ड और अन्य रेगुलेटरी मंजूरियों के बाद निर्णय लेगी।
Physicswallah के को-फाउंडर प्रतीक माहेश्वरी ने एक न्यूज मीटिंग में कहा कि कंपनी को अपने पार्टनर्स से फीडबैक मिला कि हमारी मुख्य ताकत छात्रों की कम्युनिटी बनाने और ऑनलाइन एजुकेशन बिजनेस में है। लेंडिंग कारोबार उन रेगुलेटेड थर्ड-पार्टी NBFCs के लिए ज्यादा अच्छा है, जिनके पास जोखिम को मैनेज करने की अच्छी क्षमता है। यह भी कहा कि पूंजी का समझदारी के साथ इस्तेमाल और शेयरधारकों का हित हमारी सबसे पहली प्राथमिकता बनी हुई है। इसलिए साझेदारों की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अपने लेंडिंग के फैसले पर फिर से विचार किया और अब छात्रों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए रेगुलेटेड थर्ड पार्टी NBFCs के साथ काम करने का फैसला किया है।
Physicswallah का शेयर 3 महीनों में 33 प्रतिशत मजबूत
Physicswallah की शुरुआत 2016 में एक YouTube चैनल के तौर पर हुई थी। अब यह भारत की दिग्गज एडटेक कंपनियों में से एक है। कंपनी का मार्केट कैप 30500 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स में शामिल है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी नवंबर 2025 में लिस्ट हुई थी। IPO 3480 करोड़ रुपये का था। शेयर 3 महीनों में 33 प्रतिशत चढ़ा है।
शेयर के लिए मई महीने में HSBC ने 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया था। टारगेट प्राइस 135 रुपये प्रति शेयर रखा। गोल्डमैन सैक्स की ओर से रेटिंग 'न्यूट्रल' है। ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस बढ़ाकर 133 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
मार्च तिमाही में घाटे में गिरावट
Physicswallah का घाटा जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कम होकर 74.89 करोड़ रुपये पर आ गया। एक साल पहले घाटा 293 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 50.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 918.8 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 609.6 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।