दिन के हाई से 500 अंक टूटा सेंसेक्स, इन 3 वजहों से अचानक धड़ाम हुआ बाजार!

Share Market Profit Booking: लगातार तीन दिनों की शानदार तेजी के बाद आज शेयर बाजार में अचानक तगड़ी मुनाफावसूली हावी हो गई, जिससे सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर से 500 अंक धड़ाम हो गया और निफ्टी भी 23,250 के नीचे फिसल गया। आईटी शेयरों में भारी बिकवाली और तकनीकी दबाव के चलते निवेशकों की कमाई पर ब्रेक लग गया है। मार्केट एक्सपर्ट्स से जानें आगे कैसी रहेगी बाजार की चाल?

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 1:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फिलहाल एक्सपर्ट्स ट्रेडर्स को 'बाय ऑन डिप्स' की रणनीति अपनाने की सलाह दे रहे हैं

Stock Market Today: सोमवार 2 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की, लेकिन दोपहर के कारोबार में ऊपरी स्तरों से भारी मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। बाजार में लगातार तीसरे दिन आई तेजी के बाद सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से 500 अंक से ज्यादा फिसल गया, वहीं निफ्टी 50 भी 23,250 के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे आ गया।

दोपहर 1:33 बजे सेंसेक्स 569.07 अंक (0.76%) की बढ़त के साथ 75,028.60 पर और निफ्टी 173.90 अंक (0.75%) चढ़कर 23,227.00 पर कारोबार कर रहा था। बाजार की चौड़ाई (Market Breadth) सकारात्मक बनी हुई थी, जिसमें लगभग 2,540 शेयरों में तेजी, 1,422 शेयरों में गिरावट और 178 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार कर रहे थे।

बाजार में ऊपरी स्तरों से गिरावट की 3 मुख्य वजहें


1. लगातार 3 दिनों की तेजी के बाद प्रॉफिट बुकिंग

बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखी जा रही थी। दिन के शुरुआती समय में मजबूती दर्ज करने के बाद निवेशकों ने ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली की, जिसके चलते सेंसेक्स दिन के हाई से करीब 500 अंक नीचे आ गया।

2. IT शेयरों में बिकवाली का दबाव

IT सेक्टर के इंडेक्स में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी के बाद आज बिकवाली हावी हो गई। आईटी शेयरों में आई इस गिरावट ने पूरे बाजार के सेंटीमेंट को नीचे खींचने का काम किया।

3. टेक्निकल लेवल्स और रेजिस्टेंस का दबाव

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी में आगे और तेजी के लिए सूचकांक का 23,350 के स्तर से ऊपर टिके रहना बेहद जरूरी है। 23,300–23,350 के पास मजबूत रेजिस्टेंस होने के कारण ऊपरी स्तरों पर बिकवाली दर्ज की गई।

दिग्गजों से समझें निफ्टी के अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल्स

एक्सिस डायरेक्ट के हेमांग गोर के मुताबिक, 'निफ्टी का ओवरऑल बायस सतर्कता के साथ पॉजिटिव है। अगर निफ्टी 23,300 का रेजिस्टेंस पार करता है, तो यह 23,500 के लक्ष्य तक जा सकता है। नीचे की तरफ 23,000 का स्तर क्रुशियल पिवट है, जबकि 22,800 का स्तर मजबूत सपोर्ट के रूप में काम कर रहा है। इसके टूटने पर निफ्टी 22,500 तक आ सकता है।

कोटक नियो के श्रीकांत चौहान ने कहा कि, तेजी के लिए 23,175/74,800 का स्तर पहला रेजिस्टेंस जोन है। इसे पार करने पर इंडेक्स 23,350/75,200 और आगे चलकर 23,500/75,500 तक जा सकता है। वहीं, गिरावट की स्थिति में 20-डे SMA (निफ्टी के लिए 22,600 और सेंसेक्स के लिए 73,400) काफी अहम है। इसके नीचे जाने पर ट्रेडर्स को अपनी लॉन्ग पोजीशन से बाहर निकलने पर विचार करना चाहिए।

चॉइस ब्रोकिंग के हितेश टेलर के अनुसार, 'ऊपर की तरफ इमीडियेट रेजिस्टेंस 23,200 के स्तर पर है। इसके ऊपर ब्रेकआउट मिलने पर निफ्टी 23,700–24,000 की रेंज में जा सकता है, जहां 100-वीक EMA और 200-डे EMA मौजूद हैं। वहीं, नीचे की ओर 22,850 पर पहला सपोर्ट और उसके बाद 22,600–22,400 की रेंज में मुख्य सपोर्ट जोन है। एक्सपर्ट्स ट्रेडर्स को 'बाय ऑन डिप्स' की रणनीति अपनाने की सलाह दे रहे हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।