Premier Explosives का धमाका, जून तिमाही में प्रॉफिट डबल तो शेयर पहुंचे अपर सर्किट पर

Premier Explosives Shares: जून तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे और ऑर्डर बुक की मजबूत ग्रोथ पर प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में धमाका कर दिया। इसके अलावा बोर्ड ने फंड जुटाने के एक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है जिससे शेयरों को सपोर्ट मिला है। चेक करें डिफेंस कंपनी के कारोबारी रिजल्ट की खास बातें और बोर्ड ने कितना फंड जुटाने की मंजूरी दी है?

अपडेटेड Aug 13, 2025 पर 4:26 PM
जून 2025 तिमाही में सालाना आधार पर Premier Explosives का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 110% से अधिक बढ़कर ₹15 करोड़ पर पहुंच गया।

Premier Explosives Shares: चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2025 के धमाकेदार कारोबारी नतीजे पर प्रीमियर एक्स्प्लोसिव्स के शेयर आज रॉकेट बन गए। जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा डबल हो गया और रेवेन्यू भी 72% बढ़ा तो इसका जश्न शेयरों ने भी मनाया। इसके शेयरों की मांग इतनी बढ़ी कि शेयर रॉकेट बन गए इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन जैसे ही शेयर नीचे आए, खरीदार टूट पड़े जिससे भाव अधिक फिसल नहीं पाए। निचले स्तर पर खरीदारी से फिर यह संभला और आखिरकार बीएसई पर यह 20% की बढ़त के साथ ₹512.25 के अपर सर्किट पर पहुंचा और इसी पर बंद भी हुआ।

कैसी रही Premier Explosives की जून तिमाही?

जून 2025 तिमाही में सालाना आधार पर प्रीमियर एक्स्प्लोसिव्स का शुद्ध मुनाफा 110% से अधिक बढ़कर ₹15 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी करीब 72% उछलकर ₹142 करोड़ पर पहुंच गया। रेवेन्यू का 86% हिस्सा डिफेंस और स्पेस सेगमेंट से आया तो बाकी 14% हिस्सा रेवेन्यू बल्क एक्स्प्लोसिव्स से आया।


ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ईबीआईटीडीए यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना आधार पर जून 2025 तिमाही में 35% बढ़कर ₹20.9 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि ऑपरेटिंग मार्जिन के मोर्चे पर कंपनी को झटका लगा और यह 400 बेसिस प्वाइंट्स खिसककर 14.68% पर आ गया। मार्जिन को यह झटका सेल्स में मैटेरियल कॉस्ट के हिस्से में उछाल के चलते आया जो सालाना आधार पर 41% से उछलकर 66% पर पहुंच गया। हालांकि बाकी खर्च ₹18 करोड़ से घटकर आधा यानी ₹9 करोड़ ही रह गया।

इसके अलावा जून तिमाही में कंपनी का ऑर्डर बुक ₹988.5 करोड़ का था जोकि सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2025 के आखिरी में ₹750 करोड़ के ऑर्डरबुक से 32% अधिक रहा। इसके ऑर्डर बुक का 87% हिस्सा डिफेंस सेगमेंट से है तो एक्स्प्लोसिव्स की हिस्सेदारी 7% और सर्विसेज की 6% है। इन सबके अलावा बोर्ड ने कंपनी को ₹300 करोड़ का फंड जुटाने की मंजूरी दी है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की हालत?

प्रीमियर एक्स्प्लोसिव्स के शेयरों निवेशकों के लिए रिटर्न मशीन साबित हुए है क्योंकि इसने महज दो महीने में ही निवेशकों का पैसा डबल से अधिक कर दिया। 7 अप्रैल 2024 को इसके शेयर ₹308.95 पर थे जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह दो ही महीने में 115.89% उछलकर 6 जून 2025 को ₹667.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

ये तीन वजह NSDL के शेयरों पर पड़े भारी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।