Premier Roadlines IPO Listing: ट्रांसपोर्ट सर्विसेज मुहैया कराने वाली प्रीमियर रोडलाइन्स के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 117 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 67 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 87 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 29.85 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Premier Roadlines Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 91.35 रुपये (Premier Roadlines Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 36.34 फीसदी मुनाफे में हैं।
Premier Roadlines IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
प्रीमियर रोडलाइंस का ₹40.36 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 10-14 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 117.57 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 89.95 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 180.25 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 106.50 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 60.24 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, कॉमर्शियल उद्देश्यों के लिए गाड़ियों की खरीदारी, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Premier Roadlines के बारे में
वर्ष 2008 में बनी प्रीमियमर रोडलाइन्स 1 टन से 250 टन के सामानों के ट्रांसपोर्ट से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराती है। यह देश के भीतर ही नहीं, बल्कि नेपाल और भूटान जैसे पड़ोसी देशों में भी माल की आवाजाही करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 1.55 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 3.89 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 7.19 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 42 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 192.06 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो 10 महीने में इसे 8.75 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 174.21 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।