PSU Bank Stocks: सरकारी बैंकों के शेयरों में आज 21 नवंबर कारोबार के दौरान तगड़ी गिरावट आई। यह गिरावट अदाणी ग्रुप से जुड़े एक विवाद के बाद आया। गौतम अदाणी पर एक अमेरिकी कोर्ट में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के कथित मामले में शामिल होने का आरोप लगा है। इस आरोप के बाद अदाणी ग्रुप के शेयर आज कारोबार के दौरान 20 प्रतिशत तक गिर गए। वहीं भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) जैसे सरकारी बैंकों के शेयरों में 7 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
हालांकि इस तेज गिरावट के बावजूद, कई मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह गिरावट अस्थायी है और अदाणी ग्रुप की ओर से पॉजिटिव अपडेट आने के बाद शेयरों में फिर से रिवकरी की उम्मीद है। उन्होंने निवेशकों को इस गिरावट का फायदा उठाने और PSU बैंक के स्टॉक्स को 'एक्युम्युलेट' करने की सलाह दी।
नुवामा वेल्थ एंड इनवेस्टमेंट के अंकित नरशना ने कहा कि बाजार ने कुछ ज्यादा ही रिएक्शन दे दिया है। उन्होंने कहा, "250 मिलियन डॉलर की रिश्वत उतनी बड़ी खबर नहीं है, जितना मार्केट ने इस पर रिएक्शन दिया है। बैंक ऑफ बड़ौदा में 10 प्रतिशत और एसबीआई में 5-6 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है। ऐसा लगता है कि इन शेयरों को जो नुकसान होना था, वो अब हो गया है।"
बैंकों की ओर से किए गए खुलासे के मुताबिक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का अदाणी ग्रुप की कंपनियों में बकाया एक्सपोजर दिसंबर 2022 तक 27,000 करोड़ रुपये का था। वहीं पंजाब नेशनल बैंक का एक्सपोजर 3,300 करोड़ रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा का 5,300 करोड़ रुपये था।
HDFC सिक्योरिटीज के रिटेल रिसर्च हेड दीपक जसानी ने भी इस बात को दोहराया और निवेशकों को गिरावट पर PSU बैंक के शेयर खरीदने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अदाणी ग्रुप के लोन से जुड़ी चिंताओं को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है और उन्होंने इन बैंकों की मजबूत एसेट्स क्वालिटी और प्रोविजंस का हवाला दिया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड, विनोद नायर का भी मानना है कि अदाणी ग्रुप की ओर से स्पष्टीकरण या पॉजिटिव अपडेट दिए जाने के बाद यह रिएक्शन थम जाएगा। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अधिक स्पष्टता सामने नहीं आती, तब तक PSU बैंको के शेयरों में नेगेटिव सेंटीमेंट बना रह सकता है। नायर ने कहा, "हमें उम्मीद है कि आगे की जानकारी उपलब्ध होने तक हमें कुछ समय तक के लिए सतर्कता बरतनी होगी। हालांकि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी ग्रुप के शेयरों में 10 दिनों में 50 प्रतिशत तक की जो तेज गिरावट देखने को मिली थी, हमें इस बार ऐसी गिरावट का अनुमान नहीं है।"
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।