Bharat Electronics share: पब्लिक सेक्टर की नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को 1,155 करोड़ रुपये के कई ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी है। कंपनी के शेयरों में आज 11 सितंबर को 0.79 फीसदी की तेजी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 288.05 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 2.10 लाख करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 340.35 रुपये और 52-वीक लो 127 रुपये है।
कोचीन शिपयार्ड से मिला ₹850 करोड़ का ऑर्डर
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार इन ऑर्डर में से BEL ने एक्स बैंड में स्वदेशी मल्टी फंक्शन रडार की सप्लाई के लिए कोचीन शिपयार्ड से ₹850 करोड़ का ऑर्डर हासिल किया है। यह रडार पूरी तरह से स्वदेशी है और इसे DRDO द्वारा डिजाइन किया जाएगा और BEL द्वारा निर्मित किया जाएगा। BEL ने कहा कि यह रडार नौसेना के जहाजों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हवाई लक्ष्यों को डिटेक्ट करने, प्राप्त करने और ट्रैक करने में सक्षम होगा।
BEL को 305 करोड़ का ऑर्डर भी मिला
इसके अलावा, BEL ने ₹305 करोड़ का ऑर्डर भी हासिल किया है, जिसमें जहाजों के लिए नेविगेशनल कॉम्प्लेक्स सिस्टम, थर्मल इमेजर, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, फायर कंट्रोल सिस्टम, गन कंट्रोल सिस्टम, स्पेयर पार्ट्स, सर्विसेज आदि शामिल हैं।
इन ऑर्डर के साथ, BEL ने अब तक मौजूदा वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में ₹7075 करोड़ के ऑर्डर हासिल किए हैं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को वित्त वर्ष 2024 में ₹35400 करोड़ के ऑर्डर मिले थे। अगस्त में BEL ने 12 जुलाई को अपने पिछले खुलासे के बाद से ₹695 करोड़ के ऑर्डर हासिल करने की घोषणा की थी।
BEL ने 5 साल में दिया 695% रिटर्न
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स निफ्टी 50 इंडेक्स में शामिल होने वाली लेटेस्ट कंपनी है और यह 30 सितंबर से इंडेक्स पर ट्रेड करना शुरू करेगी। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 35 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 55 फीसदी भाग चुके हैं। पिछले एक साल में इसने 99 परसेंट का तगड़ा रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले 5 सालों में इसके निवेशकों को 695 फीसदी का मुनाफा हुआ है।