PTC इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार, 17 अगस्त को दिन में 8.8 प्रतिशत तक की शानदार तेजी दिखी। BSE पर शेयर ने 52 सप्ताह का नया हाई 20,740 रुपये क्रिएट किया। कंपनी ने शुक्रवार को तिमाही नतीजे जारी किए थे। कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू में हुई बंपर बढ़ोतरी पर बाजार आज प्रतिक्रिया दे रहा है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 466.79 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी के साथ 29.19 करोड़ रुपये हो गया।
एक साल पहले मुनाफा 5.15 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 97.43 प्रतिशत बढ़कर 191.79 करोड़ रुपये रहा। जून 2025 तिमाही में यह 97.14 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 160.36 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 98.66 करोड़ रुपये के थे। जून 2026 तिमाही में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 180.1 प्रतिशत बढ़कर 54.21 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन 954 बेसिस पॉइंट्स की बढ़त के साथ 27.5 प्रतिशत रहा।
क्या करती है PTC Industries
कंपनी क्रिटिकल और सुपर क्रिटिकल एप्लीकेशंस के लिए हाई क्वालिटी इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स बनाती है। यह एयरोस्पेस, LNG प्रोसेसिंग, ऑयल एंड गैस मरीन, एनर्जी, पल्प एंड पेपर, पेट्रोकेमिकल, सस्टेनेबिलिटी और अन्य तरह की इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज को सर्विसेज देती है। इसके 75% से ज्यादा प्रोडक्ट एक्सपोर्ट होते हैं। कंपनी के कस्टमर्स में रॉल्स रॉयस, Siemens, GE, Alstom, मेटसो, एमर्सन जैसे नाम शामिल हैं।
शेयर 10 साल में 27000 प्रतिशत चढ़ा
शेयर में आई बंपर तेजी से कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 31000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 59.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। PTC Industries स्टॉक एक मल्टीबैगर है। शेयर 2 सप्ताह में 15 प्रतिशत, 3 महीनों में 23 प्रतिशत और एक साल में 50 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 3 साल में यह 235 प्रतिशत, 5 साल में 1900 प्रतिशत और 10 साल में 27000 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।
PTC Industries में दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल का भी पैसा लगा हुआ है। उनके पास जून 2026 तिमाही के आखिर तक 1.07 प्रतिशत शेयरहोल्डिंग थी। इसी तरह विकास विजयकुमार खेमानी के पास 2.57 प्रतिशत और मोना रसेल मेहता के पास 2.33 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।