Puravankara Limited QIP: बेंगलुरु की रियल एस्टेट कंपनी पूर्वांकर लिमिटेड क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिये 700-800 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। मामले से वाकिफ सूत्रों ने यह जानकारी दी है। इस कंपनी की शुरुआत 1975 में हुई थी और इसके तीन अहम ब्रांड्स हैं-पूर्वा, प्रोविडेंट हाउसिंग और पूर्वा लैंड। 31 मार्च 2024 के मुताबिक, पूर्वांकारा ने 86 रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स की डिलीवरी की थी और इन प्रोजेक्ट् का कुल एरिया 5 करोड़ वर्ग फुट था।
कंपनी के पास 3.6 करोड़ वर्ग फुट से भी ज्यादा जमीन मौजूद है और वह कुल 23,000 घरों का डिवेलपमेंट कर रही है। कंपनी ने हाल में मुंबई के रीडिवेलपमेंट सेगमेंट में भी एंट्री की है और इसके तहत वह दो हाउसिंग सोसायटी के लिए काम कर रही है। ये हाउसिंग सोसायटी 3 एकड़ से भी ज्यादा में फैली हैं और इसकी ग्रॉस डिवेलपमेंट वैल्यू 1,500 करोड़ रुपये हो सकती है।
एक सूत्र ने बताया, ' पूर्वांकारा ने अपने QIP के लिए ICICI सिक्योरिटीज को सलाहकार नियुक्त किया है और इसके लिए एक या दो और बैंकों भी नियुक्त किया जाएगा। कंपनी फंड जुटाने की इस योजना के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी का इंतजार कर रही है। QIP को बजट के बाद यानी अगले महीने लॉन्च किया जा सकता है।' रियल एस्टेट की योजना फंड का इस्तेमाल ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक, दोनों तरह की ग्रोथ के लिए करने की है। साथ ही, कंपनी अपना कर्ज कम करने और कैपिटल एक्सपेंडिचर के मद में इस रकम का इस्तेमाल करेगी।
31 मार्च के मुताबिक, पूर्वांकारा का नेट डेट 2,151 करोड़ रुपये रहा था, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 1,741 करोड़ रुपये था। पूर्वांकारा पोस्ट बैलेट के जरिये 1,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मांग रही है। इस सिलसिले में कंपनी को भेजी गई ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। अगर पूर्वांकारा अपना QIP लॉन्च करती है, तो वह इस रूट के जरिये स्टॉक मार्केट में फंड जुटाने वाली 5वीं रियल एस्टेट कंपनी होगी।