लाल निशान में चल रहे शेयर बाजार में रियल एस्टेट कंपनी पूर्वांकरा लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स मजे में हैं। 13 अप्रैल को शेयर की कीमत 17 प्रतिशत तक उछली। BSE पर भाव 228.35 रुपये के हाई तक गया। बाद में लगभग 11 प्रतिशत बढ़त के साथ 216.30 रुपये पर सेटल हुआ। इस तेजी की एक प्रमुख वजह है जनवरी-मार्च 2026 तिमाही और वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी के बिजनेस की अच्छी परफॉरमेंस। तिमाही के दौरान कंपनी की सेल्स सालाना आधार पर 190 प्रतिशत बढ़कर 3547 करोड़ रुपये की रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान सेल्स रिकॉर्ड 7407 करोड़ रुपये की रही, जो एक साल पहले से 55 प्रतिशत ज्यादा है।
मार्च 2026 तिमाही के दौरान कस्टमर कलेक्शन सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 1213 करोड़ रुपये के रहे। वित्त वर्ष 2026 के दौरान कलेक्शन 15 प्रतिशत बढ़कर 4258 करोड़ रुपये रहा। मार्च तिमाही में सेल्स एरिया दोगुने से ज्यादा होकर 30.1 लाख वर्ग फुट का रहा। वित्त वर्ष 2026 में सेल्स एरिया 28 प्रतिशत बढ़कर 72.5 लाख वर्ग फुट का रहा।
पूर्वांकरा का कहना है कि यह मजबूत प्रदर्शन नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग में तेजी की वजह से संभव हुआ, खासकर मार्च तिमाही में, जब मंजूरी में देरी की समस्याएं हल हो गईं। वित्त वर्ष 2026 के दौरान, कंपनी ने 3 नए प्रोजेक्ट्स और कई नए फेज लॉन्च किए।
Puravankara अगले 2 साल में लॉन्च करेगी 30 प्रोजेक्ट
आगे कंपनी अगले 24 महीनों में लगभग 30 प्रोजेक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है। इन प्रोजेक्ट्स का कुल विकास योग्य क्षेत्रफल 510 लाख वर्ग फीट से ज्यादा होगा और इनकी अनुमानित GDV यानि कि ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू 55,000 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी। यह कंपनी के लिए एक मजबूत ग्रोथ की संभावना को दिखाता है। पूर्वांकरा के मुताबिक, वह पूंजी के अनुशासित एलोकेशन, प्रोजेक्ट्स के अच्छी तरह से एग्जीक्यूशन और प्रमुख माइक्रो-मार्केट्स में विस्तार के जरिए अपने ऑपरेशन्स बढ़ाने पर लगातार फोकस कर रही है। इसके साथ ही, वह वैश्विक अनिश्चितताओं और रियल एस्टेट सेक्टर पर उनके संभावित असर पर भी नजर रख रही है।
शेयर एक सप्ताह में 23 प्रतिशत चढ़ा
कंपनी का मार्केट कैप 5100 करोड़ रुपये है। शेयर एक सप्ताह में 23 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में इसने 170 प्रतिशत से ज्यादा रिटर्न दिया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 338.50 रुपये और एडजस्टेड लो 160 रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।