मुंबई में थिएटर में जाकर फिल्म देखना महंगा हो सकता है। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने मुंबई में सिनेमा हॉल के लिए मौजूदा एंटरटेनमेंट टैक्स रेट में 570% तक की भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। यह बात 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में कही गई है। अगर इसे राज्य सरकार के शहरी विकास विभाग से मंजूरी मिल जाती है तो मुंबई में मराठी, गुजराती के अलावा दूसरी भाषाओं में होने वाले नाटकों और कॉन्सर्ट जैसे परफॉर्मिंग आर्ट्स और फिल्मों के टिकट की कीमतें काफी बढ़ सकती हैं।
शो और स्क्रीनिंग आयोजित करने के लिए एंटरटेनमेंट टैक्स का भुगतान एग्जीबीटर्स और परफॉर्मिंग आर्ट्स थिएटर के मैनेजरों को नगर अधिकारियों को करना होता है। लेकिन इसका बोझ आखिरकार दर्शकों पर पड़ सकता है, क्योंकि एग्जीबीटर आम तौर पर इसे टिकट की कीमतों में शामिल कर लेते हैं।
कितनी बढ़ सकती हैं टिकट की कीमतें
BMC का प्रस्ताव अगर मंजूर हुआ तो एयर-कंडीशंड सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने वालों को टिकट की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है। AC सिनेमा हॉल में 570 प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से प्रति टिकट एंटरटेनमेंट टैक्स 60 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो सकता है। बिना AC वाले सिनेमा हॉल में प्रति टिकट टैक्स की दर 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से 45 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो सकती है।
मिनी थिएटर और वीडियो दिखाने वाली जगहों के लिए एक बिल्कुल नया टैक्स 90 रुपये प्रति टिकट का भी प्रस्ताव है। इस कैटेगरी पर पहले कोई टैक्स नहीं लगता था। BMC ने क्षेत्रीय सिनेमा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मराठी और गुजराती फिल्में, नाटक और कॉन्सर्ट दिखाने वाले सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और थिएटर के लिए 100 प्रतिशत टैक्स माफा का प्रस्ताव भी दिया है।
PVR Inox का शेयर 3 प्रतिशत गिरा
फिल्म प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और एग्जीबीशन सेक्टर की कंपनी PVR Inox के शेयर में 24 सितंबर को दिन में 3 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 1273 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 12500 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर में लगातार तीसरे दिन गिरावट है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में लगभग 30 प्रतिशत चढ़ा है। 6 महीनों में कीमत 35 प्रतिशत उछली है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।