PVR Inox Shares: धुरंधर पार्ट-2 की रिलीज से पहले ही मल्टीप्लेक्स कंपनी पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर आज कारोबार के दौरान 2.5 प्रतिशत तक उछल गए। बाजार को उम्मीद है कि आने वाली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।
कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर ₹1,028.8 के स्तर तक पहुंच गए। हालांकि बाद में थोड़ी मुनाफावसूली के बाद यह करीब 1.8% की बढ़त के साथ ₹1,021 पर ट्रेड करता दिखा। यह लगातार तीसरा कारोबारी दिन है जब शेयर में तेजी देखी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि इस साल अब तक यह शेयर हल्की बढ़त में है, जबकि निफ्टी 50 में इस साल अब तक करीब 9% की गिरावट देखने को मिली है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अपने पहले पार्ट से भी ज्यादा कमाई कर सकती है। ब्रोकरेज फर्म PL कैपिटल के मुताबिक, पहली फिल्म ने भारत में करीब ₹840 करोड़ का कारोबार किया था, जबकि सीक्वल ₹1,000 करोड़ तक का आंकड़ा पार कर सकता है।
फिल्म को लेकर सकारात्मक माहौल के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पहला, पहले पार्ट की मजबूत लोकप्रियता, जिससे दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। दूसरा, फिल्म को सोलो रिलीज का फायदा मिल रहा है क्योंकि दूसरी बड़ी फिल्म ‘Toxic’ की रिलीज टल गई है। इसके अलावा फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज किया जा रहा है, जिससे इसकी पहुंच और बढ़ेगी।
त्योहारों का समय भी फिल्म के पक्ष में माना जा रहा है। ईद और गुड़ी पड़वा जैसे फेस्टिव सीजन में रिलीज होने से थिएटर में दर्शकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। साथ ही, टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी और देर रात तक शो चलने की संभावना भी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को बढ़ावा दे सकती है।
PL कैपिटल का अनुमान है कि फिल्म की कुल कमाई का लगभग 75% हिस्सा पहले दो हफ्तों में ही आ सकता है। इससे पूरे तिमाही में इंडस्ट्री का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मजबूत रह सकता है, जो मल्टीप्लेक्स कंपनियों के लिए सकारात्मक संकेत है।
इसी उम्मीद के चलते ब्रोकरेज ने PVR आईनॉक्स पर ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है और 1,274 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि अगर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करती है, तो इसका सीधा फायदा कंपनी की कमाई और शेयर कीमत दोनों पर पड़ सकता है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।