Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में आज 18 मार्च को लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 900 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,800 के पार पहुंच गया। मजबूत ग्लोबल संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते बाजार का सेंटीमेंट मजबूत हुआ। सबसे अधिक तेजी आईटी कंपनियों के शेयरों में देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों के इंडेक्स भी हरे निशान में रहे।
दोपहर 2:30 बजे के करीब, सेंसेक्स 890.69 अंक यानी 1.17% की बढ़त के साथ 76,961.53 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 264.50 अंक या 1.12% चढ़कर 23,845.65 के स्तर पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 5 बड़े कारण रहे-
1. आईटी शेयरों में खरीदारी
शेयर में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण आईटी शेयरों में खरीदारी रहा। हालिया गिरावट के बाद निवेशकों ने इन शेयरों में आज वैल्यू बायिंग की। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2.5% चढ़ा और लगातार 6 दिनों की गिरावट का सिलसिला टूट गया। कई आईटी शेयर 3% से ज्यादा बढ़े।
2. कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता
कच्चे तेल की कीमतों ने भी बाजार को सहारा दिया। ब्रेंट क्रूड की कीमत बुधवार को करीब 1.46% गिरकर 101.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। इससे महंगाई और आयात बिल को लेकर चिंता कुछ कम हुई।
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट्स, वीके विजयकुमार ने बताया, “युद्ध को लेकर अनिश्चितता के बावजूद बाजार में रिकवरी आई है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि कच्चा तेल करीब 102 डॉलर के आसपास ही बना हुआ है और 120 डॉलर के पार जाने का डर फिलहाल सच नहीं हुआ, जो बाजार के लिए राहत भरा संकेत है।”
ग्लोबल बाजारों से भी आज अच्छे संकेत मिले। एशियाई बाजारों में साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 4% चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 2% से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। अमेरिकी बाजार भी पिछले सेशंस में बढ़त के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजार पर दिखा।
निचले लेवल पर खरीदारी ने सेंसेक्स और निफ्टी को सपोर्ट किया। इस हफ्ते अब तक सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 2 परसेंट की तेजी आ चुकी है। इससे पिछले हफ्ते दिखी कई सालों की सबसे बड़ी गिरावट की कुछ भरपाई हुई है। आमतौर पर ऐसी बड़ी गिरावट के बाद बाजार में खरीदारी दिखती है। निवेशक गिरावट का लाभ उठाते हुए अच्छे और मजबूत शेयरों को कम वैल्यूएशन पर खरीदते हैं। इसे ही वैल्यू बाइंग कहा जाता है। इससे इंडेक्स को सपोर्ट मिलता है।
शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद अस्थिरता का संकेत देने वाला, इंडिया VIX इंडेक्स बुधवार को 5 परसेंट गिरकर 18.84 पर आ गया। VIX में गिरावट से पता चलता है कि निवेशकों की चिंता कम हुई है और रिस्क लेने की क्षमता बेहतर हुई है, जो आम तौर पर शेयर मार्केट में स्टेबिलिटी और ऊपर की ओर बढ़ने में मदद करता है।
टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का मानना है कि निफ्टी ने 23,600 का लेवल हासिल करने के बाद मोमेंटम बनाए रखा है। उन्होंने कहा, “23,700 का स्तर बाजार के लिए एक चुनौती बन सकता है। अगर निफ्टी इस स्तर को मजबूती से पार करता है, तो यह 23,990 तक जा सकता है। अगर शुरुआत में थोड़ी कमजोरी आती है, तो 23,550 का स्तर संभालकर रखना जरूरी होगा, तभी बाजार आगे बढ़ पाएगा। लेकिन अगर यह स्तर टूटता है, तो निफ्टी 23,300 से 23,130 के बीच जा सकता है। हालांकि, बड़ी गिरावट की संभावना कम है।”
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।