Q-Line Biotech Listing: बाजार में धमाकेदार एंट्री, करीब 32% प्रीमियम के साथ ₹452 पर लिस्ट हुए शेयर, निवेशकों को पहले ही दिन तगड़ा मुनाफा

Q Line Biotech Share Price: क्यू-लाइन बायोटेक के आईपीओ के लिए अपर प्राइस बैंड ₹343 प्रति शेयर तय किया गया था। आज बाजार खुलते ही इसके शेयर करीब 32% के दमदार प्रीमियम के साथ ₹452 पर लिस्ट हुए हैं। निवेशकों को हर शेयर पर सीधे ₹109 का बड़ा मुनाफा मिला है

अपडेटेड May 29, 2026 पर 10:23 AM
Story continues below Advertisement
ग्रे मार्केट से जैसे संकेत मिल थे इसकी लिस्टिंग वैसी ही हुई है और निवेशकों को पहले ही दिन मालामाल कर दिया है

Q-Line Biotech Share Listing Price: डायग्नोस्टिक इक्विपमेंट और रीएजेंट्स बनाने वाली कंपनी क्यू-लाइन बायोटेक के शेयरों ने आज यानी 29 मई को शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म पर भारी प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए हैं। जैसा कि ग्रे मार्केट से संकेत मिल रहे थे, ठीक उसी तरह इस आईपीओ ने निवेशकों को पहले ही दिन मालामाल कर दिया है।

कितने पर हुई लिस्टिंग? जानिए मुनाफे का पूरा गणित

क्यू-लाइन बायोटेक के आईपीओ के लिए अपर प्राइस बैंड ₹343 प्रति शेयर तय किया गया था। आज बाजार खुलते ही इसके शेयर करीब 32% के दमदार प्रीमियम के साथ ₹452 पर लिस्ट हुए हैं। निवेशकों को हर शेयर पर सीधे ₹109 का बड़ा मुनाफा मिला है।


लॉट साइज के हिसाब से कमाई

इस आईपीओ का एक लोट 400 शेयरों का था। रिटेल निवेशकों को न्यूनतम दो लॉट (800 शेयर) के लिए आवेदन करना था। जिन निवेशकों को अलॉटमेंट मिला था, उनकी ₹274400 की न्यूनतम निवेश राशि लिस्टिंग के साथ ही बढ़कर ₹361600 हो गई है, यानी पहले ही दिन करीब ₹87200 का सीधा मुनाफा हुआ।

सब्सक्रिप्शन में भी दिखा था जबरदस्त क्रेज

इस आईपीओ को लेकर निवेशकों में पहले से ही भारी उत्साह था, जो इसके सब्सक्रिप्शन आंकड़ों में भी साफ नजर आया था। आखिरी दिन यह इश्यू कुल 102 गुना सब्सक्राइब होकर बंद हुआ था।

रिटेल इनवेस्टर्स: इस कैटेगरी में आईपीओ को 71.44 गुना बोलियां मिली थीं।

नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII): यह हिस्सा सबसे ज्यादा 145.98 गुना बुक हुआ था.

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB): इस पोर्शन में भी संस्थागत निवेशकों ने 123.94 गुना आवेदन किया था।

क्या करती है कंपनी और कहां होगा पैसे का इस्तेमाल?

21 मई से 25 मई के बीच खुले इस ₹214.48 करोड़ के आईपीओ में केवल नए शेयर (Fresh Issue) जारी किए गए थे, इसमें कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल नहीं था।

क्यू-लाइन बायोटेक मुख्य रूप से हेल्थकेयर डायग्नोस्टिक क्षेत्र के लिए रीएजेंट्स, किट्स, पॉइंट-ऑफ-केयर (POC) डिवाइसेज और विभिन्न डायग्नोस्टिक उपकरणों के विकास, मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का काम करती है।

आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, पुराने कर्ज को चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी.

प्रमोटर्स के पास लिस्टिंग से पहले कंपनी की 92.24% हिस्सेदारी थी। इसके अलावा पब्लिक शेयरहोल्डर्स में 'कार्नेलियन एसेट एडवाइजर्स' के फाउंडर विकास विजयकुमार खेमानी (2.55% स्टेक) जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।