रेलवे शेयर सुपरफास्ट रफ्तार में दिख रहे हैं। TEXRAIL, RAILTEL, RVNL, RITES और IRCON ने आज 10 फीसदी तक की दौड़ लगाई है। IRFC का शेयर भी नई ऊंचाई पर है, पहली बार आज ये शेयर IPO प्राइस के ऊपर बंद हो सकता है। IRFC का बिजनेस मॉडल जरा हटकर है, ये फंडिंग करती है, लेकिन इसके NPA जीरो हैं। कंपनी में सिर्फ 37 कर्मचारी हैं, लेकिन इसका नेटवर्थ 41 हजार करोड़ रुपए है। IRFC के कुछ दिलचस्प पहलुओं के बारे में बताते हुए सीएनबीसी-आवाज़ यतिन मोता ने बताया कि IRFC भारतीय रेल के लिए फंडिंग करती है। ये रेल इंफ्रा के लिए फंडिंग करती है। IRFC जिन कंपनियों की फंडिंग करती है उनमें RVNL,Railtel, Konkan Rail और Pipavav Rail के नाम शामिल हैं।
IRFC रेल इंफ्रा प्रोजेक्ट में 45-55 फीसदी फंडिंग करती है। कंपनी बहुत कम ब्याज पर कर्ज देती है। ये सरकारी गारंटी पर रेलवे को कर्ज देती है। सरकारी गारंटी के चलते इसका NPA जीरो है। सरकारी छूट की वजह से कंपनी को टैक्स पर कुछ खर्च नहीं करना होता। FY22 में रेलवे फंडिंग 5 लाख करोड़ रुपए के पार रही है। कंपनी दिल्ली स्थित होटल अशोक से कामकाज संभालती है। FY22 में IRFC का नेटवर्थ 41000 करोड़ रुपए रहा। वित्त वर्ष 2022 में इसकी फंडिंग कॉस्ट 6.42 फीसदी रही। बता दें कि कंपनी में केवल 37 कर्मचारी हैं।
सरकार रेलवे की ग्रोथ पर फोकस बनाए हुए है। इस साल रेल बजट में 17 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। 400 नई वंदे भारत ट्रेन चलाने पर काम हो रहा है। PM गति शक्ति के तहत 100 फ्रेट टर्मिनल बनाने की योजना है। इसके अलावा रेल सुरक्षा अपग्रेडेशन पर 34000 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रेलवे का 2025 तक 900 वैगन जोड़ने का भी प्लान है। रेलवे की इन ग्रोथ योजनाओं की फंडिंग में IRFC का अहम योगदान होगा। जिससे आगे इस शेयर में अच्छी तेजी आने की उम्मीद है।
दिग्गज निवेशक रमेश दमानी भी रेलवे शेयरों को लेकर काफी बुलिश हैं। CNBC-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत की ग्रोथ स्टोरी में काफी दम है और आगे रेलवे और डिफेंस शेयर अच्छा करेंगे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।