Stock in Focus: सरकारी रेलवे कंपनियों- RailTel और RVNL को नए प्रोजेक्ट मिले हैं। इन दोनों कंपनियों को कुल ₹375 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर मिले हैं। RailTel आंध्र प्रदेश सरकार के लिए लीगल AI प्लेटफॉर्म तैयार करेगी, जबकि RVNL रेलवे वर्कशॉप की क्षमता बढ़ाने का काम करेगी। ऐसे में सोमवार, 23 नवंबर को दोनों शेयरों पर निवेशकों की नजर रह सकती है।
सरकारी रेल कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को आंध्र प्रदेश टेक्नोलॉजी सर्विसेज से करीब ₹27.03 करोड़ का ऑर्डर मिला है। कंपनी आंध्र प्रदेश सरकार के लिए लीगल AI असिस्टेंट प्लेटफॉर्म तैयार करेगी। इस प्रोजेक्ट को 9 मई 2029 तक पूरा करना है।
यह प्लेटफॉर्म Google Cloud Platform पर तैयार किया जाएगा। इसका इस्तेमाल राज्य सरकार की कानूनी जरूरतों के लिए किया जाएगा। यह ऑर्डर आंध्र प्रदेश टेक्नोलॉजी सर्विसेज की ओर से दिया गया है।
रेलटेल का शेयर पिछले कारोबारी सत्र में ₹249.15 पर बंद हुआ। इसमें ₹2.50 यानी 0.99 फीसदी की गिरावट रही। शेयर ₹250.70 पर खुला था। इसका 52 हफ्ते का हाई ₹391 और लो ₹220 है।
एक और सरकारी रेल कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) को ₹348.49 करोड़ रेलवे प्रोजेक्ट मिला है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने यह प्रोजेक्ट आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित वाडलापुडी वैगन वर्कशॉप के अपग्रेडेशन के लिए दिया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत वर्कशॉप की समय-समय पर वैगनों की ओवरहॉलिंग (POH) करने की क्षमता 300 से बढ़ाकर 600 वैगन की जाएगी। RVNL को यह काम पूरा करने के लिए 24 महीने का समय मिलेगा। इससे पहले 19 सितंबर को RVNL ने ₹404.88 करोड़ का एक और ऑर्डर मिलने की जानकारी दी थी।
RVNL का शेयर शुक्रवार को 2.05 फीसदी गिरकर ₹191 पर बंद हुआ। इस साल अब तक शेयर में करीब 50 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। हालांकि, बीते 5 साल में इसने करीब 445% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।