देश की सबसे पुरानी पेंट कंपनियों में शामिल शालीमार पेंट्स अब अपना कारोबार काफी बड़ा करने जा रही है। कंपनी इन्फ्रा.मार्केट (Infra.Market) का मर्जर करने वाली है। इसके बाद शालीमार पेंट्स सिर्फ पेंट बनाने वाली कंपनी नहीं रहेगी। यह मकान बनाने से लेकर उसकी फिनिशिंग तक की लगभग हर जरूरत पूरी कर सकेगी। कंपनी का दावा है कि इसके जरिए मकान बनाने में इस्तेमाल होने वाली 90 से 95 फीसदी सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।
शालीमार पेंट्स के बोर्ड ने 16 नवंबर 2026 को इस मर्जर को मंजूरी दी थी। दोनों कंपनियों का वित्त वर्ष 2025-26 में कुल रेवेन्यू ₹19,839 करोड़ और EBITDA ₹1,709 करोड़ रहा। यह शालीमार पेंट्स के मौजूदा कारोबार से 30 गुना से भी ज्यादा है।
सीमेंट से लेकर पेंट तक, सब कुछ एक जगह
इन्फ्रा.मार्केट की शुरुआत 2016 में हुई थी। कंपनी रेडी मिक्स कंक्रीट, स्टील, AAC ब्लॉक्स, टाइल्स, लकड़ी के पैनल, बिजली के सामान और मॉड्यूलर किचन बनाती और बेचती है। अब शालीमार पेंट्स के जुड़ने से पेंट और कोटिंग्स भी इस कारोबार का हिस्सा बन जाएंगे।
दोनों कंपनियों के पास देश के 22 राज्यों में 250 से ज्यादा कारखाने और 20 हजार से अधिक रिटेल टचपॉइंट होंगे। इनके 1,500 से ज्यादा कॉर्पोरेट ग्राहक भी हैं। इन्फ्रा.मार्केट का सामान चिनाब रेल ब्रिज, अटल सेतु और मुंबई कोस्टल रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं में इस्तेमाल हुआ है।
निखिल-नितिन कामत और आशीष कचोलिया भी बनेंगे हिस्सेदार
मर्जर के बाद कंपनी में फाउंडर और प्रमोटर ग्रुप की 30.6 फीसदी हिस्सेदारी होगी। टाइगर ग्लोबल की 20.8 फीसदी, एक्सेल की 15.2 फीसदी और नेक्सस वेंचर पार्टनर्स की 7.5 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी। निखिल और नितिन कामत, आशीष कचोलिया समेत इन्फ्रा.मार्केट के दूसरे निवेशकों की कुल हिस्सेदारी 15.5 फीसदी होगी।
हर 100 शेयर के बदले मिलेंगे 314 शेयर
इस मर्जर में इन्फ्रा.मार्केट के हर 100 शेयर के बदले शालीमार पेंट्स के 314 शेयर दिए जाएंगे। सौदा पूरा होने के बाद शालीमार पेंट्स ही दोनों कंपनियों के कारोबार की एकमात्र लिस्टेड कंपनी होगी। इसके शेयर NSE और BSE पर कारोबार करते रहेंगे।
हालांकि, इस मर्जर को अभी शेयरधारकों, सेबी, स्टॉक एक्सचेंज, NCLT और दूसरे संबंधित विभागों की मंजूरी मिलनी बाकी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।