Electric Scooter: भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में अब एक और बड़ी कंपनी उतरने की तैयारी कर रही है। वियतनाम की दिग्गज इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी VinFast 2027 की पहली छमाही में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। इससे एथर एनर्जी और ओला इलेक्ट्रिक जैसी घरेलू कंपनियों के लिए मुकाबला और कड़ा हो सकता है। कंपनी इन स्कूटर को तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित अपने प्लांट में बनाएगी।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, कंपनी ने स्कूटर बनाने के लिए अपने प्लांट में प्रोडक्शन लाइन भी लगा दी है। फिलहाल वह भारतीय बाजार पर करीबी नजर रख रही है। शुरुआत में ऐसे स्कूटर उतारे जाएंगे, जो एक बार चार्ज करने पर अच्छी दूरी तय कर सकें। हालांकि, कंपनी ने इनकी रेंज का खुलासा नहीं किया है।
बैटरी स्वैपिंग का विकल्प भी मिलेगा
VinFast India के टू-व्हीलर बिजनेस के मार्केट CEO अनुराग सक्सेना के मुताबिक, कंपनी अपने स्कूटर में बैटरी स्वैपिंग का विकल्प भी दे सकती है। इसके लिए अलग-अलग शहरों में डीलरशिप पार्टनर बनाने का काम चल रहा है। इनके ट्रायल आखिरी चरण में हैं।
इलेक्ट्रिक कारों की रेंज भी बढ़ाएगी कंपनी
VinFast भारत में पहले से VF 6, VF 7, VF MPV 7 और Limo Green जैसी चार इलेक्ट्रिक कारें बेच रही है। कंपनी कम से कम दो और इलेक्ट्रिक कारें लाने की तैयारी में है। इनमें कॉम्पैक्ट SUV पर खास फोकस रहेगा। कंपनी अगले साल की शुरुआत में VF 5 लॉन्च कर सकती है।
VinFast हर साल भारत में कम से कम दो नए कार मॉडल लाने की योजना बना रही है। थूथुकुडी प्लांट की मौजूदा सालाना क्षमता 50 हजार गाड़ियों की है। कंपनी धीरे-धीरे इसे पूरी क्षमता तक ले जाना चाहती है।
भारत में 2 अरब डॉलर निवेश की योजना
VinFast India की पैरेंट कंपनी VinGroup अब तक भारत में 500 मिलियन डॉलर का निवेश कर चुकी है। उसने अलग-अलग कारोबार और चार्जिंग नेटवर्क समेत भारत में 2 अरब डॉलर निवेश की योजना बनाई है। कंपनी की योजना तमिलनाडु में अपने प्लांट का विस्तार करने की भी है। इसके लिए राज्य सरकार के साथ 500 एकड़ जमीन लेने का समझौता किया गया है।
VinFast के मुताबिक, भारत में उसकी बिक्री बढ़कर हर महीने 2,500 से 3,000 गाड़ियों तक पहुंच गई है। शुरुआत में यह आंकड़ा करीब 500 गाड़ियों का था। कंपनी की योजना 2029 तक मुफ्त चार्जिंग और लंबी अवधि की बैटरी वारंटी जैसी सुविधाएं देने की भी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।