Railway Stocks: रेलवे से जुड़े काम करने वाली दिग्गज कंपनी टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग (Texmaco Rail Engineering) के शेयरों की आज जमकर खरीदारी हो रही है। इसके चलते यह शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। टेक्समैको रेल के शेयर आज इंट्रा-डे में 18 फीसदी मजबूत होकर 154.60 रुपये पर पहुंच गया जो इसका रिकॉर्ड हाई है। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी आई लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। इसके शेयर अभी 13.28 फीसदी की तेजी के साथ 148.45 रुपये के भाव (Texmaco Rail Share Price) पर बंद हुआ है। इसके शेयरों की तेजी पर एक्सचेंजों की अतिरिक्त निगरानी हो रही है और यह एएसएम (एडीशनल सर्विलांस मेजर) फ्रेमवर्क के लॉन्ग टर्म के पहले स्टेज में है।
Texmaco Rail में क्यों है तेजी का रुझान
इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने आदित्य बिड़ला ग्रुप के हिंडालको इंडस्ट्रीज के साथ सौदा किया था। इसके तहत यह एलुमिनियम रेल वैगन्स और कोच बनाएगी। इसके चलते शेयरों की खरीदारी को सपोर्ट मिला। इस महीने अब तक यह 39 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है और इस वित्त वर्ष 2023-24 में 249 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है। इंडियन रेलवेज के 'Mission 3000 MT' से भी इसके कारोबार को सपोर्ट मिल रहा है। इस मिशन के तहत फ्रेट कैपेसिटी वर्ष 2027 तक दोगुना कर 3 हजार मिलियन यानी 300 करोड़ टन करने का लक्ष्य है। रेलवे का लक्ष्य माल-ढुलाई में 45 फीसदी मार्केट शेयर हासिल करने का है।
करती क्या है कंपनी और सेहत कैसी है
टेक्समैको रेल और इसकी सब्सिडियरीज रेल और रेल से जुड़े प्रोडक्ट्स बनाती हैं। इसे ट्रैक वर्क, रेलवे सिग्नलिंग, टेलीकॉम और मेट्रो ट्रैक वर्क से जुड़े काम में महारत हासिल है। अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में इसे 14.57 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ था जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में इसे 22.53 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम दोगुने से अधिक बढ़ गई और 298.70 करोड़ रुपये से बढ़कर 656.82 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।