Railways Stocks: टेलीकॉम इंफ्रा मुहैया कराने वाली दिग्गज पीएसयू रेलटेल को इस हफ्ते कई तगड़े ऑर्डर मिले। इसका असर आज शेयरों पर भी दिखा और यह 18 फीसदी से अधिक उछलकर इंट्रा-डे में रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (RailTel Corporation of India) को जो ऑर्डर मिले हैं, वे काफी तगड़े हैं और इसके चलते शेयरों को खरीदने की होड़ मच गई। आज BSE पर यह 15.10 फीसदी की बढ़त के साथ 338 रुपये के भाव (RailTel Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 348 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंच गया था।
कौन-कौन से ऑर्डर मिले हैं RailTel को
बुधवार 27 दिसंबर को रेलटेल ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी थी कि इसे बिहार एडुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल से वर्क ऑर्डर मिला है और अगले दिन फिर इसे दक्षिण मध्य रेलवे से एक और ऑर्डर मिला। बिहार एडुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल से इसे 76.19 करोड़ रुपये (जीएसटी शामिल) का ऑर्डर मिला है और इसके तहत रेलटेल कक्षा एक से कक्षा 3 तक के लिए टीचिंग लर्निंग मैटेरियल की सप्लाई करेगी। यह ऑर्डर तीन महीने में पूरा करना है। गुरुवार को इसे साउथ सेंट्रल रेलवे से 120.45 करोड़ रुपये (जीएसटी शामिल) का वर्क ऑर्डर मिला है। इसके तहत यह गुंटकाल डिविजन के येरमरस-नलवर सेक्शन में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम के प्रावधानों के लिए व्यापक सिग्नलिंग और टेलीकॉम का काम करेगी। यह ऑर्डर 720 दिनों में पूरा करना है।
इससे पहले 23 दिसंबर को कंपनी को नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के लुमडिंग डिविजन की नई सिंगल लाइन भैरबी-सैरांग सेक्शन में एक इंटीग्रेटेड टनल कम्यूनिकेशन सिस्टम को लागू करने का कार्य मिला था। रेलटेल इस सेक्शन के रेलवे स्टेशनों पर टनल्स में आपातकालीन कॉल व्यवस्था और इंटीग्रेटेड पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम्स का भी कार्य करेगी। इस प्रोजेक्ट की लागत 66.83 करोड़ रुपये है औऱ इसमें 12.6 किमी के 32 टनल कवर होंगे। बता दें कि मिजोरम की भैरबी-सैरांग लाइन एक सबसे कठिन सेक्शन में से एक है जहां सड़क का रास्ता बहुत दिक्कतों वाला है, सामान नहीं मिलते, आने-जाने में खर्च बहुत है और इसकी स्थिति भी बहुत मुश्किल वाली है।
शेयरों ने रिटर्न कैसा दिया है?
रेलटेल के शेयर करीब ढाई साल पहले 26 फरवरी 2021 को लिस्ट हुए थे। 94 रुपये का यह शेयर BSE पर 104.50 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ था। इसके बाद भाव में उतार-चढ़ाव बना रहा और अगस्त 2023 में यह 200 रुपये के पार हुआ। इस साल 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 96.20 रुपये पर था। इस लेवल से 9 महीने में यह करीब 262 फीसदी उछलकर आज 29 दिसंबर 2023 को 348 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव थोड़े नरम पड़े और इस लेवल से फिलहाल यह करीब 3 फीसदी डाउनसाइड है।