Ramayana Box Office: ₹70 करोड़ की ओपनिंग भी धुरंधर 2, जवान और वॉर जैसी फिल्मों से कम रहेगी, प्राइम फोकस का शेयर 5% गिरा
Ramayana Box Office: रणबीर कपूर स्टारररामायण की ₹70 करोड़ की ओपनिंग भी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड से पीछे रह सकती है। महंगाई के हिसाब से जवान, वॉर और पुष्पा 2 जैसी फिल्मों ने ज्यादा कमाई की है। इस बीच प्राइम फोकस के शेयर 5.40% गिरकर ₹289 पर बंद हुए।
रामायण को नमित मल्होत्रा की कंपनी Prime Focus Studios बना रही है।
Ramayana Box Office: रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण अगर पहले दिन ₹70 करोड़ का नेट कलेक्शन करती है, तो भी यह भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल नहीं हो पाएगी। पिछले एक दशक में कई फिल्मों ने महंगाई का असर जोड़ने के बाद इससे ज्यादा कमाई की है।
Moneycontrol ने बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों का विश्लेषण किया है। इसके मुताबिक, 2026 की कीमतों के हिसाब से कम से कम 12 फिल्मों ने पहले दिन ₹70 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया है। इनमें जवान, वॉर, ठग्स ऑफ हिंदोस्तान और एवेंजर्स: एंडगेम शामिल हैं।
जवान और ठग्स ऑफ हिंदोस्तान की ओपनिंग
शाहरुख खान की जवान सितंबर 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन ₹75 करोड़ कमाए थे। इंफ्लेशन एडजस्ट करने पर यह रकम ₹88.6 करोड़ बैठती है। यानी फिल्म की ओपनिंग ₹70 करोड़ के आंकड़े से करीब 27% ज्यादा थी।
आमिर खान की ठग्स ऑफ हिंदोस्तान ने भी पहले दिन शानदार कमाई की थी। नवंबर 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म ने ₹52.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। आज की कीमतों में यह रकम ₹79.6 करोड़ होती है। हालांकि, फिल्म बाद में बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार नहीं बनाए रख सकी।
वॉर और एवेंजर्स: एंडगेम भी आगे
ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर ने अक्टूबर 2019 में पहले दिन ₹53.35 करोड़ कमाए थे। 2026 के प्राइस लेवल पर इसकी ओपनिंग ₹78.1 करोड़ होती है।
हॉलीवुड फिल्म एवेंजर्स: एंडगेम ने अप्रैल 2019 में भारत में ₹53.1 करोड़ का पहले दिन का कलेक्शन किया था। महंगाई को ध्यान में रखते हुए देखें, तो यह रकम ₹77.8 करोड़ के बराबर है।
शाहरुख खान की हैप्पी न्यू ईयर ने 2014 में ₹44.97 करोड़ की ओपनिंग की थी। पुराने कलेक्शन को आज की कीमतों से तुलना करें, तो यह ₹83.1 करोड़ होता है। वहीं, 2013 में रिलीज हुई धूम 3 की एडजस्टेड ओपनिंग ₹73.6 करोड़ रही थी।
पुष्पा 2 और एनिमल की ओपनिंग भी ₹70 करोड़ से ऊपर
पुष्पा 2: द रूल ने दिसंबर 2024 में पहले दिन ₹72 करोड़ कमाए थे। मौजूदा वैल्यू के हिसाब से यह कलेक्शन ₹80.5 करोड़ होता है। वहीं, 2023 में रिलीज हुई एनिमल की महंगाई के हिसाब से ओपनिंग ₹75.3 करोड़ रही थी।
सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड धुरंधर: द रिवेंज के नाम है। फिल्म ने मार्च 2026 में पहले दिन ₹90 करोड़ का कलेक्शन किया था।
महंगाई के हिसाब से कमाई का क्या मतलब है?
महंगाई के हिसाब से कलेक्शन एडजस्ट करने का मतलब है कि पुराने समय में कमाए गए पैसों की तुलना आज की कीमतों से करना। हालांकि, इसमें टिकट की कीमत, स्क्रीन की संख्या, भाषाओं और रिलीज के स्तर का अंतर शामिल नहीं होता।
पहले दिन की कमाई से फिल्म के पूरे बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। ठग्स ऑफ हिंदोस्तान इसका उदाहरण है। फिल्म ने शानदार ओपनिंग की, लेकिन बाद में कमाई की रफ्तार कमजोर पड़ गई। इसलिए रामायण की ₹70 करोड़ की ओपनिंग बड़ी उपलब्धि हो सकती है। लेकिन आज के पैसों में तुलना करें, तो कई पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने इससे ज्यादा कमाई की थी।
प्राइम फोकस के शेयरों में गिरावट
रामायण को नमित मल्होत्रा की कंपनी Prime Focus Studios बना रही है। इसका शेयर गुरुवार को 5.40% की गिरावट के साथ 289 रुपये पर बंद हुए।
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। वहीं, नमित की VFX कंपनी DNEG और ReDefine फिल्म के विजुअल्स तैयार कर रही हैं। यानी नमित मल्होत्रा इस फिल्म के सिर्फ प्रोड्यूसर नहीं हैं। उनकी कंपनियां फिल्म के निर्माण से लेकर VFX तक का काम संभाल रही हैं। इस काम में यश की कंपनी Monster Mind Creations भी साथ है, जो रावण के किरदार में हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।