RBI Monetary Policy:भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की दो दिवसीय मौद्रिक नीति (MPC) बैठक के बाद, गवर्नर शक्तिकांत दास ने 6 अप्रैल को इस बैठक में लिए नीतिगत फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जानकारी दी कि RBI ने वित्त वर्ष 2024 के लिए वास्तविक GDP पूर्वानुमान को मामूली रूप से से बढ़ाकर 6.5 फीसदी कर दिया है। पहले ये पूर्वानुमान 6.4 फीसदी था। एमपीसी ब्रीफिंग में गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के लिए जोखिम समान रूप से संतुलित हैं लेकिन लंबा खिंच रहा भू-राजनीतिक तनाव (जियो पोलिटिकल टेंशन) ग्रोथ के लिए बड़ा जोखिम बना हुआ है।
गवर्नर शक्तिकांत दास ने इस ब्रीफिंग में आगे कहा कि वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ 7.8 फीसदी रहने का अनुमान है। वहीं, वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 6.2 फीसदी पर रह सकती है। जबकि वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 6.1 फीसदी पर रह सकती है। वहीं, वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 5.9 फीसदी पर रह सकती है।
ये मान के लगाए गए हैं देश में सामान्य मॉनसून देखने को मिलेगा
आरबीआई गर्वनर ने कहा कि ग्रोथ और महंगाई के ये अनुमान ये मान के लगाए गए हैं देश में सामान्य मॉनसून देखने को मिलेगा। देश में सर्विसेज एक्सपोर्ट सेक्टर में शानदार ग्रोथ देखने को मिली है। उन्होंने ये भी बताया की आरबीआई के सभी ग्रोथ अनुमान ये मान कर लगाए गए हैं कि कच्चे तेल की कीमतें 85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ही रहेंगी। शक्तिकांत दास ने आगे कहा कि बैंकिंग सेक्टर के उतार-चढ़ाव पर नजर बनी हुई है।
वित्त वर्ष 2024 में रिटेल महंगाई 5.2 फीसदी रहने का अनुमान
ग्रोथ के साथ ही महंगाई पर बात करते हुए आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वित्त वर्ष 2024 में खुदरा महंगाई 5.2 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया है। एक तरफ जहां आरबीआई में ग्रोथ का अनुमान बढ़ाया है वहीं, वित्त वर्ष 2024 के लिए रिटेल महंगाई का अनुमान 5.3 फीसदी से घटकर 5.2 फीसदी किया गया है। आरबीआई का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में रिटेल महंगाई 5.1 फीसदी पर रह सकती है। वहीं, दूसरी तिमाही में रिटेल महंगाई 5.4 फीसदी पर रह सकती है। वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में भी ये 5.4 फीसदी पर रह सकती है। वहीं, आरबीआई का मानना है कि वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में रिटेल महंगाई 5.2 फीसदी पर रह सकती है।