आरबीएल बैंक एमिरेट्स एनबीडी से डील के बाद पहला हाई-प्रोफाइल अप्लाइंटमेंट करने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, एचडीएफसी बैंक में रह चुके भाविन लखपतवाला जल्द आरबीएल बैंक के चीफ फाइनेंशियल अफसर (सीएफओ) बन सकते हैं। वह दीपक रुइया की जगह लेंगे, जिन्हें दिसंबर 2025 में कुछ समय के लिए यह जिम्मेदारी दी गई थी। इस खबर का असर 11 जून को आरबीएल बैंक के शेयरों पर दिखा।
शेयर 52 हफ्ते की ऊंचाई पर
11 जून को इस खबर से आरबीएल बैंक का शेयर एक समय 2.37 फीसदी चढ़कर 52 हफ्ते के हाई 364.75 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में तेजी थोड़ी कम हो गई। 10:40 बजे शेयर 1.67 फीसदी के उछाल के साथ 362.90 रुपये पर चल रहा था। इस साल आरबीएल बैंक का शेयर 15 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।
अगले कुछ हफ्तों में होगा ऐलान
सूत्रों के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लखपतवाला आरबीएल बैंक के सीएफओ की जिम्मेदारी कब संभालेंगे। लेकिन, मनीकंट्रोल को नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर इस बारे में जानकारी देने वाले एक सूत्र ने कहा कि इस बारे में आने वाले हफ्तों में ऐलान हो सकता है। हालांकि, इस नियुक्ति के लिए बोर्ड के एप्रूवल के साथ ही आरबीआई की हरी झंडी की भी जरूरत पड़ेगी।
कुछ दिन पहले एचडीएफसी बैंक से इस्तीफा
लखपतवाला ने कुछ दिन पहले एचडीएफसी बैंक से इस्तीफा दे दिया। वह एचडीएफसी बैंक में सीनियर एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट थे। वह 2011 से ही एचडीएफसी बैंक में थे। इस बारे में एचडीएफसी बैंक और आरबीएल बैंक को भेजे ईमेल के जवाब नहीं मिले। लखपतवाला ने भी लिंक्डइन पर कॉन्टैक्ट करने पर कोई रिप्लाई नहीं दिया।
आरबीएल बैंक में एनबीडी ने खरीदी है 60% हिस्सेदारी
आरबीआई ने इस साल मई में आरबीएल बैंक में एमिरेट्स एनबीडी की 60 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की डील को मंजूरी दे दी थी। एमिरेट्स ने आरबीएल बैंक में यह हिस्सेदारी 26,850 करोड़ रुपये में खरीदी है। इससे आरबीएल बैंक का दर्ज अब एक विदेशी बैंक के सब्सिडियरी की हो गई है। इस डील के बाद एनबीडी ने 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर पेश किया है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।