शेयर बाजार में किस्मत पलटते देर नहीं लगती। अमेरिकी शेयर बाजार में एक रेडिट यूजर की खूब चर्चा हो रही है। इस यूजर का दावा है कि उसने एनवीडिया के शेयरों में ऑप्शंस ट्रेडिंग से महज 500 डॉलर को करीब 10 लाख डॉलर में बदल दिया। रुपये में यह रकम करीब 9.26 करोड़ रुपये बैठती है। उसने यह कमाई करीब दो हफ्तों में की।
Nvidia के शेयरों पर पुट-कॉल ऑप्शंस के जरिए लगाए दांव
Reddit पर Outrageous-Voice1459 नाम के यूजर ने अपनी ट्रेडिंग की स्टोरी शेयर की है। उसके मुताबिक, उसने Nvidia के शेयरों में पुट और कॉल ऑप्शंस के जरिए लगातार दांव लगाए। हालांकि, इस दौरान उसे भारी उतार-चढ़ाव और बड़े नुकसान का सामना भी करना पड़ा। यूजर ने दावा किया कि अब वह बड़े दांव लगाने वाली ऑप्शंस ट्रेडिंग से दूरी बनाना चाहता है।
500 डॉलर से 20 हजार डॉलर की कमाई
Reddit यूजर के मुताबिक, उसने शुरुआत में Nvidia के पुट ऑप्शन कॉन्ट्रैक्ट्स में 500 डॉलर लगाए थे। उस समय यह रकम उसके लिए काफी बड़ी थी। उसके दावे के अनुसार, अगले ही दिन कंपनी के CEO Jensen Huang के पद छोड़ने की खबर आई और Nvidia के शेयरों में गिरावट हुई।
इस ट्रेड से उसका शुरुआती 500 डॉलर का निवेश बढ़कर 20,000 डॉलर हो गया। इसके बाद उसने लगातार ट्रेडिंग करके अपनी रकम करीब 80,000 डॉलर तक पहुंचा दी। हालांकि, अगले ही दिन उसे नुकसान हुआ और उसकी ट्रेडिंग वैल्यू घटकर 40,000 डॉलर रह गई। उसने बताया कि इस समय उसके सामने दो विकल्प थे। पहला, मुनाफा लेकर ट्रेडिंग से बाहर निकल जाना और दूसरा, जोखिम उठाकर और ज्यादा कमाई की कोशिश करना। उसने दूसरा विकल्प चुना।
20 हजार डॉलर से कमाए 3.4 लाख डॉलर
यूजर ने बताया कि उसने शुक्रवार यानी 20 नवंबर को 20,000 डॉलर लगाकर Nvidia के 145 डॉलर स्ट्राइक प्राइस वाले कॉल ऑप्शंस खरीदे, जिनकी एक्सपायरी बुधवार 25 नवंबर को थी। उसके दावे के मुताबिक, वीकेंड के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति के हस्तक्षेप के बाद Jensen Huang को दोबारा CEO पद पर बहाल कर दिया गया। इसके बाद Nvidia के शेयरों में तेजी आई और कीमत करीब 165 डॉलर तक पहुंच गई। यूजर ने बाजार खुलते ही अपने ऑप्शंस बेच दिए और करीब 3.70 लाख डॉलर का मुनाफा कमाया। इसके बाद उसने पुट ऑप्शंस में ट्रेडिंग करके अपनी रकम करीब 6.60 लाख डॉलर तक पहुंचा दी।
3.60 लाख डॉलर से लगाया अगला बड़ा दांव
Reddit यूजर के मुताबिक, उसे लगा कि Nvidia के शेयरों की कीमत 150-155 डॉलर के स्तर पर भी ज्यादा है। इस अनुमान के आधार पर उसने 3.60 लाख डॉलर का दांव लगाया। उसने 135 डॉलर स्ट्राइक प्राइस वाले 5,000 पुट ऑप्शन कॉन्ट्रैक्ट खरीदे। हालांकि, यह ट्रेड उसके लिए काफी तनावपूर्ण रहा। उसने बताया कि मंगलवार 24 नवंबर को बाजार बंद होने तक उसे इन ऑप्शंस पर करीब 1.80 लाख डॉलर का नुकसान दिख रहा था। इसके बावजूद उसने अपने कॉन्ट्रैक्ट नहीं बेचे। अगले दिन Nvidia के शेयरों में फिर गिरावट आई। यूजर के मुताबिक, बुधवार 25 नवंबर को उसने अपने सभी 5,000 कॉन्ट्रैक्ट करीब 7.40 लाख डॉलर में बेच दिए। इस ट्रेड से उसे 3.81 लाख डॉलर का मुनाफा हुआ।
करीब 9.26 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाने का दावा
Reddit यूजर का कहना है कि इस पूरी ट्रेडिंग यात्रा में उसने 500 डॉलर को करीब 10 लाख डॉलर तक पहुंचा दिया। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 9.26 करोड़ रुपये है। उसने यह भी बताया कि इस बड़ी कमाई से पहले वह ऑप्शंस ट्रेडिंग में 9,000 डॉलर गंवा चुका था और लगभग दिवालिया होने की स्थिति में पहुंच गया था। बिल चुकाने के लिए उसे 3,000 डॉलर का कर्ज तक लेना पड़ा था। अब इतनी बड़ी रकम कमाने के बाद वह कुछ समय काम से ब्रेक लेना चाहता है और अपनी नई संपत्ति का आनंद लेना चाहता है।