Market Outlook : लगातार दूसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, जानिए 27 नवंबर को कैसी रह सकती है इसकी चाल

Market Outlook : विक्रम कसाट का कहना है कि बुधवार को आई जोरदार तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार में कुछ ठहराव देखने को मिल रहा है। संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी को सहारा मिल रहा है,हालांकि ग्लोबल अनिश्चितताओं के कारण यह रिकवरी अभी भी जोखिम में है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 4:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Market Outlook : तकनीकी रूप से देखें तो सुस्त शुरुआत के बाद निफ्टी को एक बार फिर 25,950 के जोन के पास रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। शॉर्ट-टर्म के लिए बाजार का रुझान अभी भी पॉजिटिव है

Market Outlook : गुरुवार, 26 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। दोपहर के कारोबार में हुए नुकसान से उबरते हुए, सेंसेक्स 390 अंक यानी 0.46% की तेजी के साथ 84,329 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 65 अंक यानी 0.25% चढ़कर 25,885 पर पहुंच गया। सेक्टोरल मोर्चे पर IT सेक्टर सबसे आगे रहा, जिसमें 3.66% की तेजी आई। इसके बाद रियल्टी (2.77%) और मेटल्स (1.19%) सेक्टर रहे।

दूसरी ओर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, FMCG और ऑटो सेक्टर में गिरावट दर्ज की गई, जबकि बैंक निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में 0.32% और स्मॉलकैप शेयरों में 0.69% की तेजी आई। मार्केट ब्रेथ पॉजिटिव रही। 2,149 शेयरों में तेजी आई, जबकि 1,906 शेयरों में गिरावट देखी गई। वहीं, वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX 4.70% गिरकर 16.84 पर आ गया।

निफ्टी की बढ़त में HDFC बैंक,रिलायंस इंडस्ट्रीज,TCS और इंफोसिस का सबसे बड़ा योगदान रहा। जबकि ICICI बैंक और बजाज फाइनेंस ने बेंचमार्क पर दबाव डाला। गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 22 पैसे कमजोर होकर 92.45 पर बंद हुआ,जबकि बुधवार को यह 92.23 पर बंद हुआ था।


बाजार में कंसोलीडेशन की उम्मीद

PL कैपिटल में चीफ बिजनेस ऑफिसर (एडवाइजरी एंड डीलिंग), विक्रम कसाट का कहना है कि बुधवार को आई जोरदार तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार में कुछ ठहराव देखने को मिल रहा है। संस्थागत निवेशकों (FIIs और DIIs) की लगातार खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी को सहारा मिल रहा है, हालांकि ग्लोबल अनिश्चितताओं के कारण यह रिकवरी अभी भी जोखिम में है।

25 नवंबर को FIIs ने ₹4,479 करोड़ और DIIs ने ₹4,019 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की, जिससे घरेलू बाजार में भरोसा मजबूत हुआ है। हालांकि, ब्रेंट क्रूड का भाव $95.50 प्रति बैरल से ऊपर होना और डॉलर के मुकाबले रुपये का लगभग ₹92.56 के स्तर पर रहना, भारत के आयात बिल, महंगाई और कंपनियों के मार्जिन पर दबाव डाल सकता है।

सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। MCX फ्यूचर्स में सोना 10 ग्राम के लिए ₹1,23,673 और चांदी 1 किलोग्राम के लिए ₹1,48,336 के इंट्राडे उच्च स्तर तक पहुंच गई। भारत सहित 14 व्यापारिक साझेदारों पर अमेरिका द्वारा प्रस्तावित टैरिफ ने निर्यातकों के लिए अनिश्चितता और बढ़ा दी है।

आगे चलकर, बाजार में टिकाऊ रिकवरी के लिए FIIs की लगातार भागीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और व्यापार वार्ताओं पर स्पष्टता बहुत अहम होगी। निवेशकों को फंडामेंटल रूप से मजबूत कंपनियों को चुनना चाहिए और निकट अवधि के उतार-चढ़ाव के बीच सोच-समझकर निवेश करना चाहिए।

निफ्टी के लिए अहम रेजिस्टेंस और सपोर्ट लेवल

कोटक नियो में इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान का कहना है कि आज बेंचमार्क इंडेक्सों में सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिला। निफ्टी 65 अंक ऊपर बंद हुआ। जबकि सेंसेक्स में 390 अंकों की तेजी रही। सेक्टर्स की बात करें तो, कैपिटल मार्केट, रियल्टी और IT इंडेक्सों में 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। जबकि कंज्यूमर इंडेक्स में सबसे ज्यादा यानी 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

तकनीकी रूप से देखें तो सुस्त शुरुआत के बाद निफ्टी को एक बार फिर 25,950 के जोन के पास रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। हालांकि, शॉर्ट-टर्म के लिए बाजार का रुझान अभी भी पॉजिटिव है। श्रीकांत चौहान का मानना ​​है कि शॉर्ट-टर्म के लिए बाजार की स्थिति अच्छी है,लेकिन एक नई तेजी तभी संभव है जब निफ्टी 26,000 के रेजिस्टेंस जोन को पार कर जाए। इस स्तर को तोड़ने के बाद यह 26,100–26,200 के स्तर की ओर बढ़ सकता है। दूसरी ओर डे ट्रेडर्स के लिए 25,750 का स्तर एक अहम सपोर्ट का काम करेगा। यदि बाजार इससे नीचे जाता है तो इंट्राडे में 25,600–25,550 के स्तर तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

 

Trading Plan : निफ्टी की Month End Calls लेकर जाएं, ज्यादा जोखिम लेने वाले ट्रेडर्स लेकर जा सकते हैं HDFC बैंक, ICICI बैंक की कॉल

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।