Rekha Jhunjhunwala Portfolio: रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल कम से कम 3 शेयरों ने इस साल मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं उन्हें इस साल सबसे बड़ा मुनाफा टाइटन से हुआ है, जिसमें उनकी करीब 5.4 फीसदी हिस्सेदारी है। रेखा झुनझुनवाला को उनके पति और दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की मौत के बाद विरासत में हजारों करोड़ रुपये का पोर्टफोलियो मिला हुआ है। सितंबर तिमाही तक की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में 25 शेयर है।
सितंबर तिमाही में इन 25 शेयरों में कुल निवेश की वैल्यू करीब 14% बढ़कर 39,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। बता दें कि शेयरहोल्डिंग आंकड़े में सिर्फ उन कंपनियों का नाम शामिल होता है, जिसमें उनकी हिस्सेदारी 1% से अधिक होती है।
इन 3 शेयरों ने दिया मल्टीबैगर रिटर्न
रेखा झुनझुनवाला को दूसरा सबसे अधिक रिटर्न डीबी रियल्टी (DB Realty) ने दिया है, जिसका शेयर इस साल करीब 108 फीसडी चढ़ा है। रेखा झुनझुनवाला की इस कंपनी में करीब 2 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं उन्हें NCC से भी इस साल 100% से अधिक का रिटर्न मिला है, जो रोड कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी है।
टाइटन से मिला सबसे अधिक मुनाफा
रेखा झुनझुनवाला का सबसे बड़ा निवेश अभी भी टाइटन में है, जो उनके पति का पसंदीदा शेयर था। हालिया शेयरहोल्डिंह पैटर्न के मुताबिक, झुनझुनवाला के पास इस कंपनी के 4,76,95,970 शेयर या करीब 5.37 फीसदी हिस्सेदारी है। टाइटन के शेयरों ने इस साल करीब 40% का रिटर्न दिया है। अधिक निवेश के कारण 40% रिटर्न से भी उन्हें भारी मुनाफा हुआ है।
दूसरी ओर उनके पोर्टफोलियो में शामिल स्टार हेल्थ (Star Health) में इस साल 9.71 फीसदी की गिरावट आई है। इस कंपनी में झुनझुनवाला की करीब 17.3 फीसदी हिस्सेदारी है।