Rekha Jhunjhunwala का यह बैंकिंग स्टॉक, ब्रोकरेजेज ने घटाया टारगेट प्राइस, आपके पोर्टफोलियो में है?

Rekha Jhunjhunwala Portfolio: रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल इस बैंकिंग स्टॉक को लेकर ब्रोकरेजेज थोड़े बेयरेश हो गए हैं। जून तिमाही के कारोबारी नतीजे के बाद कुछ ब्रोकरेजेज फर्मों ने इसका टारगेट प्राइस भी घटा दिया है। चेक करें कि क्या यह बैंकिंग स्टॉक आपके पोर्टफोलियो में हैं और इसे लेकर ब्रोकरेजेज बेयरेश क्यों हैं?

अपडेटेड Aug 04, 2025 पर 8:51 AM
Story continues below Advertisement
Federal Bank Share Price: दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला (Rekha Jhunjhunwala) के पोर्टफोलियो में शामिल फेडरल बैंक को लेकर कुछ ब्रोकरेजेज थोड़े बेयरेश हो गए हैं और टारगेट प्राइस भी घटा दिया है।

Federal Bank Share Price: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज बैंक फेडरल बैंक के जून तिमाही के कारोबारी नतीजे कुछ खास नहीं रहे। इसके चलते दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल इस बैंकिंग स्टॉक को लेकर कुछ ब्रोकरेजेज थोड़े बेयरेश हो गए हैं और टारगेट प्राइस भी घटा दिया है। जून तिमाही में बैंक की एसेट क्वालिटी पर दबाव दिखा, क्रेडिट कॉस्ट में उछाल रहा और स्लिपेज भी बढ़ा है जिसके चलते ब्रोकरेजेज का रुझान थोड़ा बदला है। शेयरों की बात करें को एक कारोबारी दिन पहले शुक्रवार 1 अगस्त को बीएसई पर यह 3.16% की गिरावट के साथ ₹195.95 पर बंद हुआ था। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो 3 मार्च 2025 को यह एक साल के निचले स्तर ₹172.95 पर था जिससे चार महीने में यह 27.20% उछलकर 2 जुलाई 2025 को यह ₹220.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया।

Federal Bank के लिए कैसी रही जून तिमाही?

चालू वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2025 में तिमाही आधार पर फेडरल बैंक का ग्रास एनपीए 1.84% से बढ़कर 1.91% और नेट एनपीए 0.44% से 1.84% पर पहुंच गया। इस दौरान स्लिपेज भी 58% बढ़कर ₹658 करोड़ पर पहुंच गया जिसमें से अधिकतर तो एग्री बुक से आया, जहां स्लिपेज ₹71 करोड़ से उछलकर ₹270 करोड़ पर पहुंच गया। बिजनेस बैंकिंग स्लिपेज भी तिमाही आधार पर 24% बढ़कर ₹77 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि बैंक के मैनेजमेंट का मानना है कि एमएफआई बुक के लिए सबसे अधिक दबाव मई में था और उसके बाद से यह गिर रहा है।


जून तिमाही में बैंक की क्रेडिट कॉस्ट 38 बेसिस प्वाइंट्स बढ़कर 65 बेसिस प्वाइंट्स पर पहुंच गई लेकिन मैनेजमेंट को इसे लेकर भी उम्मीद है कि इस साल के आखिरी तक यह 55 बेसिस प्वाइंट्स तक आ जाएगी। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन की बात करें तो तिमाही आधार पर यह 18 बेसिस प्वाइंट्स गिरकर 2.94% पर आ गया। मैनेजेमेंट का मानना है कि रेपो रेट में कटौती के चलते सितंबर तिमाही में इसमें अभी 5-10 बेसिस प्वाइंट्स का दबाव और दिख सकता है और अगर फिर से दरों में कटौती नहीं होती है तो यहां से रिकवरी भी हो सकती है।

क्या है ब्रोकरेजज फर्मों का रुझान?

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने फेडरल बैंक की रेटिंग को खरीदारी से घटाकर न्यूट्रल कर दी है और टारगेट प्राइस को भी ₹220 से घटाकर ₹195 कर दिया है। इसके अलावा नोमुरा ने वित्त वर्ष 2026-2028 के लिए इसका ईपीएस भी 11% घटाकर 13% कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि बैंक का रिटर्न प्रोफाइल नियर से मीडियम टर्म में सुस्त बना रह सकता है।

एक और ब्रोकरेज फर्म इंवेस्टेक ने भी इसका टारगेट प्राइस ₹245 से घटाकर ₹220 कर दिया है लेकिन खरीदारी की रेटिंग में कोई बदलाव नहीं किया है। ब्रोकरेज फर्म को अब भी उम्मीद है कि बैंक का ईपीएस वित्त वर्ष 2026-28 के बीच सालाना 21% की चक्रवृद्धि रफ्तार (CAGR) से बढ़ेगा।

एक और ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल ने सुस्त प्रॉफिटेबिलिटी के चलते नियर टर्म में इसके एक सीमित रेंज में ऊपर-नीचे होने की उम्मीद लगाई है और इसका अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में इसका RoA गिरकर 1% से भी नीचे आ सकता है लेकिन फिर धीरे-धीरे सुधार होगा। आईआईएफएल ने इसका टारगेट प्राइस ₹214 से घटाकर ₹205 कर दिया है लेकिन खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है।

Rekha Jhunjhunwala Portfolio में फेडरल बैंक के कितने शेयर?

जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में फेडरल बैंक के 3,60,30,060 शेयर हैं जो बैंक की 1.48% इक्विटी हिस्सेदारी के बराबर है। बाकी शेयरहोल्डर्स की बात करें तो इसमें 41 म्यूचुअल फंड्स की 35.39% हिस्सेदारी है जिसमें 7.04% हिस्सेदारी तो अकेले एचडीएफसी म्यूचुअल फंड की है। विदेशी निवेशकों की हिस्सदारी इसमें 26.86% है तो खुदरा निवेशकों यानी ₹2 लाख तक के निवेश वाले 8,23,771 निवेशकों के पास इसके 30,23,26,057 शेयर हैं जो बैंक की 12.43% इक्विटी होल्डिंग है। इसमें प्रमोटर्स की होल्डिंग जीरो है।

Federal Bank Q1 Results: जून तिमाही में मुनाफा 15% गिरा, NPA में सुधार

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।