Relaxo Share Price: Q4 नतीजों और डिविडेंड के ऐलान के बाद शेयर पर टूटे निवेशक, गिरते बाजार में 14% चढ़ा

Relaxo Share Price: मार्च 2026 तिमाही में रिलैक्सो फुटवियर्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा एक साल पहले 20 प्रतिशत ज्यादा रहा।

अपडेटेड May 29, 2026 पर 4:02 PM
Relaxo ने वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 3.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है।

रिलैक्सो फुटवियर्स के शेयरहोल्डर्स 29 मई को जबरदस्त फायदे में रहे। शेयर BSE पर लगभग 14 प्रतिशत की बंपर बढ़त के साथ 343.65 रुपये पर बंद हुआ। दिन में शेयर ने पिछली क्लोजिंग से 18 प्रतिशत तक के उछाल के साथ 358 रुपये का हाई देखा। साथ ही 310 रुपये के लो तक भी गया। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे। साथ ही डिविडेंड का भी ऐलान किया था। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में रिलैक्सो फुटवियर्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 67.67 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 56.22 करोड़ रुपये से 20 प्रतिशत ज्यादा है।

ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 8 प्रतिशत बढ़कर 751.10 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 695.15 करोड़ रुपये था। खर्च 671.98 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 627.88 करोड़ रुपये के थे। ​पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2702.16 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 179.27 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कितना डिविडेंड देगी Relaxo


कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 3.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। रिकॉर्ड डेट 18 सितंबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। रिलैक्सो ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।

शेयर 2 साल में 57 प्रतिशत टूटा

Relaxo Footwears का मार्केट कैप 8500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। 2 साल में शेयर 57 प्रतिशत नीचे आ चुका है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.27 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 531.45 रुपये और एडजस्टेड लो 236.55 रुपये है। कंपनी के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में बाटा इंडिया, रेडटेप, मेट्रो ब्रांड्स शामिल हैं।

Stock Market Crash: बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1200 अंक तक लुढ़का; 4 कारणों से छाई बिकवाली

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।