Reliance Industries Share Price: रिलायंस इडस्ट्रीज के शेयरों में 22 जून को पंख लग गए। कंपनी का एजीएम 19 जून को हुआ था। इसमें कई बड़े ऐलान हुए थे। इनका असर 22 जून को शेयरों पर दिखा। 10:30 बजे शेयर 2.10 फीसदी चढ़कर 1,337 रुपये पर चल रहा था। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने रिलायंस इंडस्ट्री पर 21 जून को अपनी रिपोर्ट पेश की है।
जेफरीज ने दिया है 1675 रुपये का टारगेट प्राइस
जेफरीज ने रिलांयस इंडस्ट्रीज के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 1,675 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि शेयर मौजूदा लेवल से 28 फीसदी चढ़ सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी का एफएमसीजी पर निवेश बढ़ रहा है। इससे रेवेन्यू 2030 तक 1 लाख करोड़ रुपये के टारगेट तक पहुंच सकता है।
एआई RIL के लिए ग्रोथ का नया इंजन बन सकता है
नोमुरा ने भी रिलायंस इंडस्ट्रीज पर अपनी रिपोर्ट पेश की है। इसमें कहा गया है कि AI कंपनी का नया ग्रोथ इंजन बन सकता है, क्योंकि रिलायंस इंटेलिजेंस अब प्लान से एग्जिक्यूशन स्टेज की तरफ बढ़ रहा है। इसमें जामनगर स्थित सॉवरेन एआई हब का बड़ा हाथ होगा। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि न्यू एनर्जी बिजनेस इस फाइनेंशियल ईयर में अपना पहला रेवेन्यू रिपोर्ट कर सकती है। नोमुरा ने भी रिलायंस के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है।
सीएलएसए ने दिया 1800 रुपये का टारगेट प्राइस
विदेशी ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने रिलायंस इंडस्ट्री के शेयरों पर 'आउटपरफॉर्म' की अपनी रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 1,800 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों के सबसे हाई टारगेट प्राइस में से एक है। इसके हिसाब से रिलायंस के शेयरों में मौजूदा लेवल से 38 फीसदी उछाल आ सकता है।
33 एनालिस्ट्स ने दी है शेयर को खरीदने की सलाह
रिलांयस इंडस्ट्रीज के शेयरों के बारे में ज्यादातर एनालिस्ट्स ने पॉजिटिव राय जताई है। इस शेयर को कवर करने वाले 34 एनालिस्ट्स में से 33 ने इसे खरीदने की सलाह दी है। सिर्फ एक एनालिस्ट ने शेयर को बेचने की सलाह दी है। 9 जून को कंपनी का शेयर 1.2 फीसदी गिरकर 1,311.5 रुपये पर क्लोज हुआ था। इस साल यह शेयर 17 फीसदी गिरा है।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में उछाल
22 जून को शेयर बाजारों में तेजी दिखी। निफ्टी 0.58 फीसदी यानी 140 अंक चढ़कर 24,153 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.60 फीसदी यानी 459 अंक के उछाल के साथ 77,262 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी तेजी दिखी। अमेरिका-ईरान के बीच डील की खबर से शेयर बाजार में तेजी दिख रही है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है, जिसकी रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।