जस्ट डायल (Just Dial)ने 19 दिसंबर को बताया है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) मिनिमम पब्लिक शेयर होल्डिंग नियमों का पालन करने के लिए ओपन मार्केट लेनदेन के जरिए कंपनी (जस्ट डायल) में अपनी 2 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है। गौरतलब है कि रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड, जस्ट डायल की प्रोमोटर है। जस्ट डायल ने एक रेग्यूलेटरी फाइलिंग में कहा, "आरआरवीएल 21 दिसंबर, 2022 से शुरू होने वाले 8 कारोबारी दिनों की अवधि के भीतर इन शेयरों की बिक्री को पूरा करेगी।"
जस्ट डायल में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की संस्थाओं की संयुक्त रूप से 76.98 फीसदी हिस्सेदारी है। रेग्यूलेटरी नियमों के मुताबिक किसी कंपनी में प्रोमोटरों की कुल हिस्सेदारी 75 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए।
पिछले साल हुआ था जस्ट डायल का अधिग्रहण
इस बीच, BSEपर जस्ट डायल का शेयर कल यानी 19 दिसंबर को 4.30 फीसदी की बढ़त के साथ 619.55 रुपये पर बंद हुआ था। बता दें कि पिछले साल, अरबपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस रिटेल ने 25 सालों से कारोबार कर रही जस्ट डायल का संपूर्ण अधिग्रहण कर लिया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड ने जुलाई 2021 में जस्ट डायल में 3497 करोड़ रुपये के निवेश से कंट्रोलिंग स्टेक खरीदने की घोषणा की थी।
बता दें कि जस्ट डायल अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और टेलीफोन लाइन के माध्यम से लोकल सर्च और ई-कॉमर्स सेवाएं प्रदान करती है। इसके जरिए स्थानीय प्लंबर से लेकर होटल और हाउसकीपिंग सेवाओं के बारे में सिर्फ 8888888888 पर डायल करके पूछताछ की जा सकती है।
जस्ट डायल के शेयर की चाल पर नजर डालें तो इसका 52 वीक हाई 957.55 रुपए का और 52 वीक लो 520.00 रुपए का है। कंपनी की मार्केट कैप 5247 करोड़ रुपए है। पिछले 1 हफ्ते में इस स्टॉक में 9.16 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। वहीं, 1 महीने में ये शेयर 3.62 फीसदी भागा है। जबकि 3 महीने में इस शेयर में 8.65 फीसदी के बढ़त देखने को मिली। इस साल अब इस शेयर में 23.82 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, 1 साल में इस शेयर में 22.16 फीसदी की कमजोरी आई है। वहीं, 3 साल में इस शेयर में 6.37 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।