Retaggio IPO Listing: अमेरिकी टैरिफ पॉलिसी के चलते दुनिया भर के स्टॉक मार्केट ढह गए हैं और इसकी आंच में आज गहने बनाने वाली रेटाज्जो की लिस्टिंग भी आ गई। खुदरा निवेशकों ने इसमें खूब पैसे लगाए थे और ओवरऑल आईपीओ को ओवरऑल 1.86 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 25 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 25.10 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कुछ खास लिस्टिंग गेन नहीं (Retaggio Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह 23.85 रुपये के लोअर सर्किट पर आ गया। हालांकि निचले स्तर पर खरीदारी के चलते उछलकर यह 25.50 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में यह 25.50 रुपये (Retaggio Share Price) पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशक पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर 2 फीसदी मुनाफे में हैं।
Retaggio IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
रेटाज्जो का ₹15.50 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27 मार्च से 2 अप्रैल तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर यह आईपीओ ओवरऑल 1.86 गुना सब्सक्राइब हुआ था। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 2.57 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 61.98 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 2.09 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने और 34.95 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों पर खर्च होंगे।
वर्ष 2022 में बनी रेटाज्जो इंडस्ट्रीज गहने बनाती है। यह अंगूठी, चूड़िंया, बाली, और गले का हार बनाती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 8.09 फीसदी बढ़कर 3.34 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 0.91 फीसदी उछलकर 23.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2025 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 81 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 9.03 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।